बिहारः पटना के घर में एक्टर सुशांत सिंह का बनेगा स्मारक, नहीं बंद होगा उनका Instagram अकाउंट
पटना। फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के परिजनों ने उनके प्रशंसकों के लिए बड़ा फैसला लिया है। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपू के बहनोई ओपी सिंह आईपीएस अफसर हैं, जो हरियाणा कैडर में हैं और फिलहाल वे ओएसडी हरियाणा चीफ मिनिस्टर हैं। उन्होंने एक शोक संदेश जारी किया है, जिसमें इस बात की जानकारी दी गई है कि पटना स्थित उनके आवास को उनका स्मारक बनाया जाएगा।

Recommended Video
परिजनों की तरफ से जारी संदेश में कहा कि सुशांत सिंह का बचपन पटना के राजीव नगर में बीता था। इसलिए उनके आवास को उनका स्मारक बनाने का विचार है। जिसमें सुशांत के हजारों किताब, दूरबीन, फ्लाइट सिम्युलेटर, गिटार, फर्निचर एवं अन्य चीजों को प्रदर्शित किया जाएगा। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत का इंस्टाग्राम अकाउंट बंद नहीं होगा।
परिवार की ओर से जारी संदेश में यह भी कहा गया है कि परिजनों की हार्दिक इच्छा है कि उनके प्रशंसक उनसे जुड़े रहें इसलिए उनके इंस्टाग्राम पेज को भी 'लिगेसी अकाउंट' की तरह चलाया जाएगा। परिजनों का कहना है कि सुशांत के इंस्टाग्राम पेज को करोड़ों प्रशंसक फॉलो करते हैं। ऐसे में हम इसके जरिये सुशांत के दिल का रिश्ता उनके प्रशंसकों के साथ हमेशा बनाए रखना चाहते हैं।

बता दें कि 14 जून को निधन व 15 जून को अंतिम संस्कार के बाद सुशांत के श्राद्ध कर्म की प्रक्रिया पटना के राजीवनगर स्थित उनके आवास पर पूरी की जा रही है। 25 जून को नख-बाल के बाद 26 जून को श्राद्ध कर्म किया गया। शनिवार यानि 27 जून को ब्रह्म भोज का आयोजन किया जा रहा है। बता दें कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उनके फैन्स एवं बिहारवासी अलग-अलग तरीके से उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इसी क्रम में राजीव नगर में ही दिवंगत एक्टर के नाम से एक चौराहे पर उनके नाम का बोर्ड लगा दिया गया है।
बता दें कि सुशांत ने 14 जून को मुंबई स्थित घर पर आत्महत्या कर ली थी। उनके असमय निधन के बाद परिवार के लोग बेसुध हैं। सुशांत के निधन के सदमे में उनकी एक भाभी की मौत हो गई थी। सुशांत के पिता केके सिंह ने हाल ही में एक बातचीत में कहा था कि उन्हें अपने बेटे पर बहुत गर्व है। छोटी सी उम्र में उसने इतना नाम कमा लिया, जिसको कमाने में आदमी सारी जिंदगी बिता देता है, लेकिन फिर भी अपने ख्वाबों को पूरा नहीं कर पाता। सुशांत अपने सभी भाई बहनों में सबसे छोटे थे।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications