Success Story: सेल्फ़ स्टडी और Youtube से की पढ़ाई, आंगनवाड़ी सेविका की बेटी पूजा बनी सहायक निदेशक
BPSC DPRO Result 2023 Success Story: बिहार की बेटियां भी बेटों से कम नहीं हैं, विभिन्न क्षेत्रों में अपने हुनर का परचम लहारते हुए ज़िले से लेकर प्रदेश तक का नाम रोशन कर रही है। आज हम आपको गया के डेल्हा की रहने वाली बेटी पूजा की कामयाबी की कहानी बताने जा रहे हैं।
आंगनवाड़ी सेविका सोना देवी की बेटी पूजा का चयन सहायक निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी के तौर पर हुआ है। बीपीएसपी की ओर से आयोजित परीक्षा में पूजा ने सफलता पाकर पूरे परिवार का नाम रोशन किया है।

वन इंडिया हिंदी से ख़ास बातचीत में पूजा ने बताया कि किडनी फेल होने के की वजह से बहुत पहले ही पिता की मृत्यु हो गई थी। बहुत की मशक्कत से उनकी मां ने 7 बच्चों की परवरिश की और उन्हें अच्छी तालीम दी। मां ने अपने सभी बच्चों को बेतर बेहतर शिक्षा देने की कोशिश की है।
पूजा ने बताया कि उन्होंने अपनी मां और पूरे परिवार के संघर्ष को नज़दीक से देखा है। पापा के नहीं होने का दर्द उन्होंने झेला है। पूजा ने भी 10वीं की पढ़ाई के बाद से छोटे-मोटे काम कर थोड़े पैसे कमाए। वहीं उनकी मां ने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
पूजा ने अपनी शुरुआती तालीम पर चर्चा करते हुए बताया कि जग्जू लाल मेहता उच्च विद्यालय, कुजापी से प्रारंभिक शिक्षा हुई। इसके बाद रांची के संत जेवियर कॉलेज से पत्रकारिता की पढ़ाई की। पूजा ने बतौर शिक्षिका काम भी किया है। इसके साथ ही एक एनजीओ में प्रोजेक्ट एक्जीक्यूटिव के तौर पर भी सेवाएं दी हैं।
पूजा ने बताया कि साल 2016 में उनकी शादी दिल्ली मेट्रो में काम करने वाले अखिलेश कुमार से हुई थी। आज की तारीख में वह एक बच्चे की मां भी हैं। उन्होंने कहा कि घर-परिवार और पढ़ाई के बीच बैलेंस रखना बहुत मुश्किल होता है। इसमें मेरे पति का भरपूर सहयोग मिला।
पति और ससुराल वालों का साथ नहीं मिलता तो मैं आज इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाती। शादी के बाद शिक्षिका की नौकरी तो छूट गई, लेकिन पढ़ाई जारी रखी। सेल्फ स्टडी, यू-ट्यूब के कुछ चैनल और कुछ पत्रिकाओं से मैंने पढ़ाई की। ये मेरी सालों की मेहनत का फल है, मेरी सफलता के पीछे मेरे पूरे परिवार का सहयोग रहा है।












Click it and Unblock the Notifications