दुर्घटनाग्रस्त नॉर्थ ईस्ट के यात्रियों को लेकर कामाख्या पहुंची स्पेशल ट्रेन, स्टेशन पर की गई पर्याप्त व्यवस्था
North East Train Derailed: दिल्ली से कामाख्या जाने वाली नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस कल यानी बुधवार रात को दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। यह हादसा बिहार के बक्सर के रघुनाथपुर स्टेशन के पास हुई। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। 100 से अधिक लोग घायल हो गए। नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के 21 डिब्बे पटरी से उतर गए। जिससे बड़ा हादसा हो गया।
हादसे में ट्रेन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं कई यात्री फंस गए। नॉर्थ ईस्ट ट्रेन के यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की गई। आज यानी गुरुवार को स्पेशल ट्रेन नॉर्थ ईस्ट के यात्रियों को लेकर कामाख्या रेलवे स्टेशन पर पहुंची है।

एनएफ रेलवे के सीपीआरओ सब्यसाची डे ने कहा कि लगभग 311 यात्री स्पेशल ट्रेन से आए हैं। हमने उनके लिए पर्याप्त व्यवस्था की है। इन यात्रियों को गंतव्य तक ले जाने के लिए बसें और अन्य वाहन की व्यवस्था की है। सभी गाड़ी स्टेशन के बाहर खड़े हैं। चिकित्सा सुविधा का भी इंतजाम किया गया है। सभी यात्रियों के लिए जलपान की भी व्यवस्था है। वरिष्ठ अधिकारी उन्हें लेने के लिए यहां आए हैं।
वहीं, इस घटना पर आप सांसद और रेलवे पर संसदीय स्थायी समिति के सदस्य संदीप पाठक ने कहा कि पिछले 4-5 सालों में ट्रेन के पटरी से उतरने की हजारों घटनाएं हुई हैं। रेलवे सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित नहीं किया गया है। अब तक, केवल 2 प्रतिशत क्षेत्र टकराव-रोधी उपकरणों से ढका हुआ है। कितने एंटी-डिरेलमेंट उपकरण लगाए गए हैं, इस पर कोई रिपोर्ट उपलब्ध नहीं है। सभी रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि अधिकांश रेलवे ट्रैक पुराना है और प्रतिस्थापन की आवश्यकता है।
यह भी पढ़ें- बिहार ट्रेन हादसा: बक्सर में नॉर्थ ईस्ट की 21 बोगी पलटी, 4 लोगों की मौत, 100 से अधिक लोग घायल












Click it and Unblock the Notifications