Siwan News: हाईटेंशन तार के संपर्क में आया डीजे वाहन, करंट की चपेट में आने से 1 की मौत, 2 झुलसे
Siwan News Today: बिहार के सीवान ज़िले से एक दर्दनाक ख़बर सामने आ रही है। जहां मंगलवार, 3 दिसंबर को एक डीजे वाहन हाई-टेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय ड्राइवर प्रकाश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। जो कि बनियापुर थाना क्षेत्र के निवासी थे।
सुबह के वक्त मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटपुर गांव में यह हादसा हुआ। करंट लगने से दो लोग झुलस गए, जिनको इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रकाश यादव (मृतक) छोटपुर गांव में एक ट्रक मालिक के यहां ड्राइवर का काम करता था। 3 दिसंबर की सुबह डीजे पिकअप वाहन चला रहा था।

प्रकाश यादव की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। रिश्तेदार मुन्ना यादव ने बताया कि प्रकाश आमतौर पर ट्रक चलाता था, लेकिन उसके मालिक ने उसे त्योहार के लिए डीजे पिकअप वाहन चलाने के लिए भेज दिया था। बार-बार फोन करने के बावजूद ट्रक मालिक घटना के बाद सदर अस्पताल नहीं गया है। घायलों में छोटपुर गांव के वीरेंद्र यादव का पुत्र रंजन यादव और राजल कुमारी शामिल हैं।
घटना की खबर मिलते ही नगर थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। मुफस्सिल थाने के प्रभारी अशोक कुमार दास ने फोन पर पुष्टि की कि डीजे वाहन में करंट आने से प्रकाश यादव की मौत हो गई। उन्होंने कहा, हम मामले की जांच कर रहे हैं और औपचारिक शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई करेंगे।
इस पूरे मामले में ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली विभाग की लापरवाही की वजह से हादसे होते हैं। तार नीचे झूलते रहता है, शिकायत करने के बाद भी दुरुस्त नहीं करवाया जाता है। जब हादसा हो जाता है तो खबर सुर्खियां बनती है लेकिन बाद में मामला शांत हो जाता है।












Click it and Unblock the Notifications