SIR 2025: नाम नेहा कुमारी कुमारी, मां 'इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया' निर्मला देवी, लोगों ने कहा सब गोलमाल है! जानिए
SIR 2025 News Update: भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में मतदाता सूची न केवल चुनाव की आधारशिला होती है, बल्कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता का परिचायक भी मानी जाती है। लेकिन हाल ही में सामने आईं कुछ वायरल मतदाता सूची प्रविष्टियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वोटर लिस्ट के विशेष पुनरीक्षण के दौरान सामने आई कुछ चौंकाने वाली प्रविष्टियों में मतदाताओं के नाम, उनके अभिभावकों के नाम और धर्म के संदर्भ में जिस प्रकार की तथ्यात्मक भूलें सामने आई हैं, वे ना सिर्फ हास्यास्पद हैं बल्कि चिंताजनक भी।

उदाहरण के लिए, किसी निर्वाचक का नाम "मधु कुमारी कुमारी" और उनके पति का नाम "हसबैंड हसबैंड" लिखा गया है। एक अन्य प्रविष्टि में निर्वाचक का नाम "नेहा कुमारी कुमारी" तो माता का नाम "इलेक्शन कमीशन आॅफ इंडिया निर्मला देवी" दर्ज है। वायरल हो रही सूचियों को देख लोगों ने चुटकी लेते हुए कहा सब गोलमाल है।
सबसे बड़ी आपत्ति उन प्रविष्टियों पर उठ रही है जिनमें सांप्रदायिक और सामाजिक संरचना से जुड़ी विसंगतियां दर्ज हैं। उदाहरणस्वरूप, किसी मुस्लिम नाम वाले मतदाता के पिता का नाम "अजित अजित" जैसा विशुद्ध हिंदू नाम होना, या पिता-पुत्री के नामों में धर्म व जाति की पूर्ण असंगति होना यह दर्शाता है कि मतदाता सूची तैयार करने में न तो ज़मीनी स्तर पर सही जानकारी जुटाई गई, और न ही उसे किसी प्रशिक्षित कर्मी द्वारा प्रमाणित किया गया।
यह स्थिति केवल एक-दो त्रुटियों की बात नहीं है। यह एक सिस्टमेटिक लापरवाही का संकेत है। सवाल यह है कि क्या चुनाव आयोग, जो भारत जैसे लोकतंत्र में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों का संरक्षक है, इतनी प्राथमिक गलतियों को नजरअंदाज़ कर सकता है? मतदाता सूची का यह प्रारूप न सिर्फ प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगाता है, बल्कि यह सामाजिक सौहार्द्र और व्यक्तिगत पहचान को भी अपमानित करता है।
यदि यह त्रुटियां ऑनलाइन डेटा एंट्री की वजह से हुई हैं तो क्या आयोग ने किसी प्रकार का क्रॉस वेरिफिकेशन तंत्र तैयार नहीं किया? क्या सुपरवाइज़री स्तर पर समीक्षा की प्रक्रिया को सिर्फ औपचारिकता मान लिया गया है?
अब समय आ गया है कि चुनाव आयोग देशभर में मतदाता सूची संशोधन की प्रक्रिया को केवल "कागजी कार्रवाई" समझने के बजाय उसे एक अत्यंत संवेदनशील और त्रुटिहीन प्रक्रिया के रूप में अपनाए। इसमें डिजिटल ऑडिट, स्थानीय प्रशासनिक जांच, और सामाजिक प्रतिनिधित्व वाले सत्यापन तंत्र को अनिवार्य किया जाना चाहिए।
इन त्रुटियों के सामने आने के बाद यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि यदि मतदाता सूची जैसी मूलभूत दस्तावेज़ तैयार करने में लापरवाही बरती जा रही है, तो चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर भी खतरा मंडराता है। एक लोकतंत्र की मजबूती उसकी चुनाव प्रक्रिया की शुचिता पर निर्भर करती है - और यदि उसी प्रक्रिया की नींव में दरार है, तो देश को सचेत हो जाना चाहिए।
नोट: वायरल हो रही सूचियों की पुष्टि One India Hindi नहीं करता है। यह विश्लेषण सोशल मीडिया पर चल रही सूचनाओं के आधार पर तैयार किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications