SIR 2025 Update: मेरी पत्नी मुंबई में रहती हैं, लेकिन नाम बिहार में जुड़ गया,सहनी ने चुनाव आयोग और BJP को घेरा
Mukesh Sahani On SIR 2025 Update News: बिहार की राजनीति में इन दिनों मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर घमासान मचा है। वीआईपी (विकासशील इंसान पार्टी) प्रमुख और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने शुक्रवार को चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि SIR प्रक्रिया पूरी तरह से पक्षपाती और फर्जीवाड़े से भरी हुई है।
मुकेश सहनी ने सनसनीखेज दावा किया कि उनकी धर्मपत्नी जो मुंबई में रहती हैं, उनका नाम भी बिहार की वोटर लिस्ट में जुड़ा है। हम पहले दिन से कह रहे हैं कि मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी हो रही है। जो लोग यहां रहते ही नहीं, उनके नाम जोड़ दिए जा रहे हैं।

चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप
जो लोग सालों से यहां हैं, उनके नाम काटे जा रहे हैं। यही नहीं, मेरी धर्मपत्नी मुंबई में रहती हैं, फिर भी उनका नाम बिहार की लिस्ट में जुड़ गया है। इससे बड़ा फर्जीवाड़ा और क्या हो सकता है?" उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अब भाजपा के एजेंडे पर काम कर रहा है, जिससे लोकतंत्र गंभीर खतरे में पड़ गया है।
65 लाख नाम काटे गए?
सहनी ने दावा किया कि SIR के तहत अब तक 65 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं, और यह प्रक्रिया पूरी तरह से गलत मंशा से प्रेरित है। उन्होंने सवाल उठाया कि "अगर इतने नाम फर्जी थे, तो पिछला लोकसभा चुनाव भी इसी लिस्ट पर हुआ था, फिर क्या उस चुनाव की वैधता पर सवाल नहीं उठना चाहिए?"
भाजपा को लेकर बड़ा बयान:
एनडीए के साथ जाने की अटकलों पर विराम लगाते हुए सहनी ने साफ कहा कि "मैं किसी की चौखट पर नहीं जा रहा। भाजपा वाले जरूर हमारी चौखट पर आ रहे हैं कि वीआईपी उनके साथ आ जाए। लेकिन इस बार भाजपा को वीआईपी की नाव पर नहीं बैठाएंगे।" उन्होंने दावा किया कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है, और VIP उसमें एक अहम भूमिका निभाएगी।
सड़क पर उतरने की चेतावनी:
मुकेश सहनी ने एलान किया कि अगर इस मुद्दे पर सुधार नहीं हुआ, तो उनकी पार्टी जनता के हित में सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि "लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर नागरिक को जागरूक होना पड़ेगा। ये सिर्फ एक लिस्ट नहीं, ये देश की भविष्य की दिशा तय करने वाली प्रक्रिया है।"
SIR प्रक्रिया को लेकर विपक्ष एकजुट:
SIR प्रक्रिया को लेकर अब विपक्षी नेताओं की आवाजें और तीखी होती जा रही हैं। मुकेश सहनी का यह हमला निश्चित तौर पर राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा करेगा। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि चुनाव आयोग इस गंभीर आरोप पर क्या सफाई देता है और क्या भाजपा या एनडीए की ओर से कोई प्रतिक्रिया आती है।












Click it and Unblock the Notifications