समस्तीपुरः कोर्ट में मौलाना ने कराया रेप पीड़िता और आरोपित का निकाह
समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले के कोर्ट में अजीब घटना घटी। वैसे तो आपने धार्मिक स्थलों पर शादी-विवाह की तस्वीर देखी होगी। लेकिन आपने कभी भी कोर्ट में शादी की बात नहीं सुनी होगी। दरअसल, समस्तीपुर के कोर्ट में एक युवक को निकाह पढ़वाया गया। कोर्ट परिसर में हुआ यह अनोखा निकाह लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में एक साल पहले नाबालिग लड़की से रेप का मामला प्रकाश में आया था।

जिसमें आरोपित युवक के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद पॉक्सो कोर्ट में रेप के मामले की सुनवाई चलती रही। इसी सिलसिले में बुधवार को आरोपित युवक को न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया, जहां पर मौलाना ने युवक का पीड़िता के साथ निकाह करवाया।
बताया जा रहा है कि आरोपित को कम से कम सजा हो इसके लिए गांव वालों ने और परिजनों ने आपसी विचार करने के बाद यह फैसला लिया। जब समस्तीपुर सिविल कोर्ट परिसर में युवक के साथ निकाह की रस्म को मौलाना पूरा करवा रहे थे उस वक्त आसपास लोगों की काफी भीड़ एकत्रित हो गई। कोर्ट परिसर में हुए इस निकाह के रसूल की चर्चा खूब हो रही है। समस्तीपुर न्यायालय परिसर में निकाह की रस्म अदायगी की यह घटना अपने आप में पहली घटना है।












Click it and Unblock the Notifications