साधु यादव ने तेजस्वी को कहा- सीएम बनने का ख्वाब छोड़ दें
पटना। पूर्व सांसद और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के साले साधु यादव तेजस्वी यादव के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। इसी क्रम में साधु यादव ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि तेजस्वी सीएम बनने का सपना न देखें। इसके पीछे तर्क देते हुए साधु यादव ने कहा कि आज तक बिहार में किसी मुख्यमंत्री का बेटा सीएम नहीं बना है। इसलिए तेजस्वी को यह ख्वाब नहीं देखना चाहिए। बता दें कि साधु यादव पिछले कुछ दिनों से लालू परिवार और अपने भांजों को लेकर लगातार बयान दे रहे हैं। साधु यादव लालू परिवार के खिलाफ लगातार तीखी बयानबाजी कर रहे हैं।

उन्होंने तेजस्वी की बेरोजगारी यात्रा पर कहा कि रोजगार बांटना सरकार का काम है। बेरोजगारी यात्रा से बिहार के युवाओं को कोई फायदा नहीं मिलनेवाला है। यह कोई यात्रा नहीं है। बल्कि जमीन पर कब्जा करने के लिए भ्रमण कार्यक्रम है। साधु यादव ने कहा कि लालू प्रसाद अब शक्तिविहीन हो चुके हैं। उनके परिवार के लोगों ने जनता को अधंकार में धकेला है। यह बात सब लोग समझ चुके हैं। साधु यादव के इस तरह की बयानबाजी से साफ जाहिर हो गया है कि अब लालू परिवार से उनका रिश्ता बिल्कुल खराब हो चुका है।
बताया जाता है कि तेजस्वी की शादी में साधु यादव को नहीं बुलाया गया था, जिसके चलते उनकी नाराजगी और बढ़ गई। साधु यादव के भड़ास पर तेज प्रताप यादव के प्रहार के बाद लालू यादव के परिवार में कलह की बात सामने आई थी। सोशल मीडिया पर तेज प्रताप ने मामा साधु यादव के खिलाफ मोर्चा खोला तो पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के भाई और सांसद रहे साधु यादव ने अपने बहनोई लालू सहित पूरे परिवार की पोल पट्टी खोलना शुरू कर दी थी। भांजे तेज प्रताप यादव के रवैया से साधु यादव काफी गुस्से में आ गए थे। ऐसे में उन्होंने लालू-राबड़ी पर जमकर हमला बोला था।












Click it and Unblock the Notifications