रोहतासः देवर से शादी करने की जिद कर पुलिस की गाड़ी पर चढ़ गई महिला, कहा- मेरी शादी करवाओ
रोहतास। बिहार के रोहतास जिले के डीएसपी कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक महिला ने पुलिस की गाड़ी को करीब एक घंटे तक रोक जमकर हंगामा करने लगी। दरअसल, बीते बुधवार की शाम को महिला के ससुराल वालों को दहेज प्रताड़ना केस में जमानत मिली थी, जिसके चलते वह आक्रोशित थी। महिला अपने देवर से शादी करना चाहती थी। महिला बार-बार पुलिस से कह रही थी कि उसकी शादी देवर से करवाओ।

इस दौरान पुलिस ने समझाने की कोशिश की पर वह नहीं मानी और पुलिस की जीप के बंपर पर बैठ गई। हंगामे को देखते हुए नगर थाना से महिला पुलिस की टीम को बुलाया गया। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने उसे बलपूर्वक हटाया। इस दौरान महिला ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी की। बाद में महिला पुलिसकर्मियों ने महिला को समझा-बुझाकर उसे शांत करवाया। इधर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने के लिए लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस के मुताबिक मामला कोर्ट में चल रहा है। महिला के ससुराल वालों को कोर्ट से बेल मिली है। इसके बावजूद महिला मानने को तैयारी नहीं है।
महिला का कहना है कि पति से विवाद चल रहा है। देवर से शादी करना चाहती हूं। पति से जब मेरा विवाद चल रहा था तब मेरे बैंक अकाउंट में ससुराल वालों ने 6 लाख रुपए भेज कर कहा कि अब जाकर दूसरी शादी कर लो। मैं दूसरी शादी अपने देवर से ही करूंगी।
बता दें कि तिलौथू की महिला की शादी 2018 में डेहरी के गरवट बिगहा के पन्नालाल सिंह से हुई थी। शादी के बाद से दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए महिला ने पति समेत ससुराल वालों पर केस दर्ज कराया था।


Click it and Unblock the Notifications
