बिहार: मज़दूर की बेटी ने किया प्रदेश का नाम रोशन, निशी ने जीता जैवलिन में गोल्ड मेडल
निशी के पिता रमेश चौधरी और माता सरिता देवी अपनी बेटी की कामयाबी से काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि बचपन से ही उनकी बेटी ज़हीन थी और पढ़ने के साथ-साथ खेलकूद में भी काफी दिलचस्पी थी।
पटना, 14 सितंबर 2022। इंसान में अगर जुनून हो तो वह अपने हुनर का परचम ज़रूर लहराता है। रोहतास जिले की बेटी की कहानी भी कुछ इसी तरह की है। पिता मज़दूरी कर परिवार को चलाते हैं और मां एक घरेलु महिला हैं। आर्थिक तंगी को किनारा करते हुए बिहार की बेटी निशी ने जैवलिन में गोल्ड मेडल पर क़ब्ज़ा जमाया है। गौरतलब है कि निशी इससे पहले भी जैवलिन थ्रो में बिहार का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। पिछली बार निशी ने रजत और कांस्य पदक पर क़ब्ज़ा जमाया था।

मजदूर की बेटी ने किया प्रदेश का नाम रोशन
निशी के पिता रमेश चौधरी और माता सरिता देवी अपनी बेटी की कामयाबी से काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि बचपन से ही उनकी बेटी ज़हीन थी और पढ़ने के साथ-साथ खेलकूद में भी काफी दिलचस्पी थी। आर्थिक तंगी की वजह से निशी को सारी सुविधाएं नहीं मिल पाती थी। इसके बावजूद निशी ने ईस्ट जोन एथलेटिक चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

800 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में लिया था भाग
ईस्ट जोन एथलेटिक चैंपियनशिप में बिहार, झारखंड, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, नागालैंड, असम, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर, मेघालय, सिक्किम और अंडमान निकोबार के कई खिलाड़ियों ने भाग लिया है। आपको बता दें कि यह यह प्रतियोगिता चार वर्गों में आयोजित की जा रही है। 9 सितंबर को पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में प्रतियोगिता का आयोजन हुआ । जिसमें पूर्वी क्षेत्र के 13 राज्यों से कुल 800 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

निशी की कामयाबी से ग्रामीणों में खुशी की लहर
निशी महराजगंज तिलौथू (रोहतास) की रहने वाली हैं। एक छोटे से गांव में रहने के बावजूद जैवलिन थ्रोअर निशी के गोल्ड मेडल जीतने पर स्थानीय लोगों खुशी ज़ाहिर किया। ग्रामीणों ने कहा कि ईस्ट जोन एथलीट चैंपियनशिप में निशी ने बिहार का प्रतिनिधित्व किया यह बहुत ही गर्व की बात है। इसके साथ ही निशी ने अपना शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की झोली में स्वर्ण पदक डाला।

'देश का भी प्रतिनिधित्व करेगी निशी'
निशी सरस्वती विद्या मंदिर ( तिलौथू) की छात्रा है, स्वर्ण पदक जीतने के बाद निशी के विद्यालय में जश्न का माहौल है। निशी कुमारी के स्वर्ण पदक विजेता बनने पर स्कूल शिक्षक और छात्रों ने निशी को बधाई दी। विद्यालय के शिक्षकों ने बधाई देते हुए कहा कि निशी कुमारी के प्रदर्शन से विद्यालय के सभी लोग गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं, एक दिन निशी बिहार की तरह देश का भी प्रतिनिधित्व करेगी और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेगी।
ये भी पढ़ें: बिहार: बेगूसराय जिले में साइको किलर ने फैलाया दहशत, विभिन्न इलाकों में 8 लोगों को मारी गोली, 1 की मौत












Click it and Unblock the Notifications