Bihar News: सड़क, ट्रेन, टावर के बाद अब बिहार में हुई तालाब की चोरी, पुलिस महकमा भी हैरान
Bihar News: बिहार में चोरी के भी अजीबो गरीब मामले सामने आते रहते हैं। पिछले दिनों बिहार में सड़क की चोरी चर्चा का विषय बनी हुई थी। इसके बाद ट्रेन की चोरी से हंगामा हुआ, फिर टावर की चोरी ने सनसनी पैदा की और अब तालाबों के शहर दरभंगा चोरी का अजीबो गरीब मामला सामने आया है।
दरभंगा जिला में भू माफियाओं ने अजीबो गरीब चोरी कर डाली, उन्होंने विभिन्न जगहों के तालाबों में मिट्टी भरवाकर बिल्डिंग खड़ा करवा दिया है। ताजा मामला दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र का है, जहां वार्ड नंबर 4 स्थित नीम पोखर इलाके में मौजूद बड़े तालाब को रात के अंधेरे में मिट्टी से भर दिया गया।

सुबह लोगों ने देखा तो तालाब की जगह समतल ज़मीन थी, स्थानीय लोगों ने कहा कि रातों रात तालाब की चोरी कर उस ज़मीन पर कब्ज़ा करने के लिए भूमाफियाओं ने झोपड़ी का निर्माण कर दिया है। धीरे-धीरे झोपड़ी को हटाते हुए इमारतें बना दी जाएंगी।
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में काफी नाराज़गी है। ग्रामीणों ने इस बात की जानकारी पुलिस की दी। सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ अमित कुमार दल बल के साथ मौक़े पर पहुंचे। लेकिन उनके आने से पहले ही भूमाफिया फरार हो गए।
ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस को तो शिकायत कर दी है, तालाब को समतल कर अवैध क़ब्ज़ा कर भूमाफियाओं ने चारों तरफ से झोपड़ी बना दी है। इस मामले को लेकर कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाएंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी कई बार भूमाफियाओं ने अवैध क़ब्ज़ा किया है।
ग्रामीणों ने कहा कि ऐसा नहीं है कि तालाब को एक दिन में ही समतल कर दिया गया। कई दिनों से भूमाफिया तालाब में भराई कर रहे थे। इस बात की शिकायत पुलिस को भी की गई। सूचना पर पुलिस अधिकारी और अंचल अधिकारी मौके पर पहुंच और काम को रुकवा दिया था।
पुलिस प्रशासन ने कुछ सामान भी जब्त किया था। लेकिन वक्त से साथ भूमाफियाओं ने सबकुछ मैनेज कर लिया। इसके बाद सिर्फ सप्ताह भर के अंदर रात के अंधेरे में भूमाफियाओं ने तालाब को मिट्टी भरकर समतल कर दिया, अब इस पर बिल्डिंग निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications