बिहार चुनाव रिजल्ट: लालू की पार्टी चल रही आगे, समर्थक तेजस्वी की शपथ की तस्वीरें लिए घर पहुंचे- VIDEO
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के परिणाम आज आ रहे हैं। मतगणना के रुझानों में लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की अगुवाई वाले महागठबंधन को एनडीए पर बढ़त मिल रही है। एग्जिट पोल्स में भी महागठबंधन को जीत बताई गई। ऐसे में महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव के समर्थकों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। तेजस्वी के आवास के बाहर सुबह से ही भीड़ जुटने लगी। उनके समर्थक हाथों में तरह-तरह की तस्वीरें लेकर पहुंचे। इनमें तेजस्वी के शपथ लेती हुई तस्वीर भी शामिल थीं। वहीं, एक राजद नेता अलग प्रजाति की मछली लाए। उन्होंने कहा कि, पहले भी जब हम जीते थे, तो यही मछली लाए थे। अब इस बार फिर हमारी पार्टी जीत रही है।
Recommended Video

तेजस्वी-तेजप्रताप दोनों भाई चल रहे आगे
चुनाव परिणाम से जुड़ी ताजा जानकारी यह मिल रही है कि, तेजस्वी यादव अपने विधानसभा क्षेत्र में आगे चल रहे हैं। वहीं, उनके बड़े भाई तेजप्रताप, लव सिन्हा और जीतनराम मांझी भी बढ़त बनाए हुए हैं। तेजस्वी-तेजप्रताप लालू यादव के बेटे हैं। पिता को जेल हुई थी, तो दोनों ने पार्टी संभाली। तेजस्वी पहले डिप्टी सीएम रह चुके हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि, सूबे के लोग उन्हें ही ज्यादा पसंद करते हैं। बहरहाल, बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर तेजस्वी यादव को शुभकामनाएं देते पोस्टर नजर आ रहे हैं।

लालू के छोटे बेटे के पोस्टर और तस्वीरें छाईं
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव के तरह-तरह के पोस्टर बिहार के स्थानीय नेताओं द्वारा लगवाए जा रहे हैं। कल ही उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गई थीं। तब पोस्टर पर लिखा गया- बिहार में होने वाले प्रथम युवा मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। यानी तेजस्वी समर्थकों ने मान लिया है कि सूबे के नए मुख्यमंत्री अब तो वही हैं। इस तरह के पोस्टर सर्किल पर भी लगे हैं। न्यूज एजेंसी द्वारा बताया गया कि, तेजस्वी यादव के समर्थकों ने आज उनके जन्मदिन के अवसर पर उनके आवास के बाहर जश्न मनाया। उन लोगों ने जमकर नारे लगाए। गिफ्ट लेकर आए और मिठाई भी बांटी। आज फिर भीड़ उमड़ पड़ी है।

243 सीटों के आ रहे रिजल्ट
आज बिहार की सभी 243 सीटों पर तीनों चरणों में हुए मतदान की मतगणना हो रही है। इसके लिए 38 जिलों के 55 सेंटरों पर 414 काउंटिंग हॉल बनाए गए हैं। रुझान आने लगे हैं, जिसनें एनडीए और महागठबंधन में कांटे की टक्कर चल रही है। बिहार में चुनाव लड़ने वाले एनडीए और महागठबंधन दोनों के नेता अपने-अपने दलों की जीत का दावा कर रहे हैं। बताते चलें कि, बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों के चुनाव परिणा के साथ ही आज वाल्मीकिनगर संसदीय उपचुनाव के परिणाम भी जारी होंगे।












Click it and Unblock the Notifications