बिहारः RJD में एक बार फिर पोस्टर वॉर शुरू, तेजस्वी यादव की फोटो नदारद
पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप का तेवर अभी भी कायम है और इसी वजह से पार्टी में पोस्टर वॉर जारी है। प्रदेश की राजधानी पटना में जन्माष्टमी के मौके पर जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं। इस पोस्टर, बैनर और होर्डिंग में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेज प्रताप यादव ही बस नजर आ रहे हैं। तेजस्वी यादव एक बार फिर पोस्टर से गायब नजर आ रहे हैं। पटना की सड़कों पर लगाए गए नए पोस्टर एक बार फिर राजनीतिक चर्चा का विषय बन गए हैं। जन्माष्टमी के खास मौके को ध्यान में रखते हुए लगाए गए पोस्टर ने राजद में हलचल मचा दी है। खास बात यह है कि इस पोस्टर में लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी से बड़ी तस्वीर तेज प्रताप यादव की दिख रही है।

पटना की मुख्य सड़कों पर पोस्टरबाजी के बाद राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। खासकर तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव के संबंधों को लेकर भी काफी चर्चा है कि शायद दोनों भाइयों के बीच सबकुछ सही नहीं चल रहा है। बता दें कि इससे पूर्व भी छात्र राजद की बैठक को लेकर पटना की सड़कों पर लगाए गए पोस्टरों में तेजस्वी यादव की तस्वीर नहीं थी। हालांकि कुछ वक्त के बाद उस पोस्टर पर किसी ने कालिख पोत दी और फिर पोस्टर को उतार लिया गया।
तेज प्रताप ने पिछले दिनों दिल्ली पहुंचकर पिता लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की थी और फिर पटना लौटने के बाद शनिवार को वह पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंच गए थे। तेज प्रताप यादव प्रदेश कार्यालय में पहुंचने के बाद लालू प्रसाद यादव के चेंबर में जाकर बैठ गए थे। पार्टी दफ्तर में प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह भी मौजूद थे, लेकिन दोनों के बीच मुलाकात नहीं हुई। पार्टी कार्यालय से निकलने के बाद तेज प्रताप यादव से जब पत्रकारों ने पूछा कि आप की जगदानंद सिंह से मुलाकात हुई, तब उन्होंने कहा कि उनको अपने भतीजे से आकर मिल लेना चाहिए था।












Click it and Unblock the Notifications