नीतीश 40 सीटें पाकर भी बिहार के CM बन रहे हैं, जनादेश को देखें आपके खिलाफ आया है: राजद
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने पूर्ण बहुमत से जीत हासिल की। अब नीतीश कुमार 7वीं बार सूबे के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। हालांकि, उनकी पार्टी जदयू का प्रदर्शन इन चुनावों में निराशाजनक रहा। जदयू को सिर्फ 43 सीटें मिलीं। उसे 28 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा है। इस पर बिहार में सर्वाधिक 75 सीटें जीतने वाली पार्टी राजद ने नीतीश कुमार को आड़े हाथों ले लिया।
Recommended Video

राजद नेता मनोज झा ने आज नीतीश कुमार को कहा कि, ''पब्लिक वास्तव में मास्टर है, लेकिन जिस स्थिति में उन्होंने आपको रखा है, उसे देखें। आप (नीतीश कुमार) 40 सीटें पाने के बाद सीएम बनने का सपना देखते हैं। यदि आप जनादेश का विश्लेषण करेंगे, तो यह निर्णायक रूप से आपके खिलाफ है। यदि आप अभी भी सीएम का पद प्राप्त करते हैं, तो भगवान ही जानता है कि यह भ्रम कब तक चलेगा।'' मनोज झा का यह बयान नीतीश के उस ट्वीट के बाद आया, जिसमें नीतीश द्वारा कहा गया था कि, ''जनता मालिक है। उन्होंने एनडीए को जो बहुमत प्रदान किया, उसके लिए जनता-जनार्दन को नमन है। मैं मोदीजी से मिल रहे सहयोग के लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं।'

तेजस्वी बोले- जनादेश महागठबंधन के पक्ष में
इधर, राजद की अगुवाई वाले महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। तेजस्वी बिहार चुनाव परिणाम आने के बाद पहली बार मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि, 'जनादेश महागठबंधन के पक्ष में आया है, एनडीए चोर दरवाजे से सरकार बना रहा है। उन्होंने कहा कि, भाजपा के लोग साफ तौर पर समझ लें कि यह जनादेश बदलाव का जनादेश है।'
तेजस्वी ने यह भी कहा कि, ''बिहार में हम हारे नहीं, जीते हैं। राजद को सबसे ज्यादा सीटें मिली हैं। अगर नीतीश में थोड़ी सी भी नैतिकता बची है तो जोड़-तोड़ से कुर्सी पर बैठने का विचार छोड़ दें। तेजस्वी आगे बोले कि, हमलोग रोने वाले नहीं, संघर्ष करने वाले लोग हैं। बिहार की जनता हमलोगों के साथ है। हमने जनता के जनादेश का सम्मान किया।'












Click it and Unblock the Notifications