INDIA गठबंधन में साथ-साथ, इसके इतर अलग रणनीति तैयार कर रही RJD, जानिए क्यों तेज़ हुई चर्चा
Tejashwi Yadav News: बिहार में चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है, राजनीतिक पार्टियों के चुनावी दांवपेंच के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी पार्टी संगठन को मज़बूत करने में जुटे हुए हैं। वहीं दूसरी तरफ़ उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव राजद की सियासी पकड़ बनाने में जुटे हुए हैं।
INDIA गठबंधन में राजद-जदयू क़दम से क़दम मिलाकर चलती हुई नज़र आ रही है, वहीं इसके इधर राजद की अलग ही चुनावी तैयारी चल रही है। सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज़ है कि तेजस्वी यादव चुनावी तैयारी के मद्देनजर विभिन्न जिलों के दौरे पर निकलने वाले हैं।

इंडिया गठबंधन में अभी तक लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है, लेकिन तेजस्वी यादव उससे पहले ही अपनी ज़्यादा से ज़्यादा सीटों पर दावेदारी मज़बूत करना चाह रहे हैं। बिहार के सभी ज़िलों में दौरा कर तेजस्वी यादव पार्टी संगठन को मज़बूत कर बूथ लेवल तक पार्टी की ज़मीन बनाएंगे।
आपको बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी तेजस्वी यादव ने मैराथन दौरा करते हुए पार्टी को मज़बूत किया था। इस बार भी तेजस्वी यादव पार्टी को लेकर अलग रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं। संभावना जताई जा रही है कि अक्टूबर महीन में तेजस्वी यादव प्रदेश के दौरे पर निकल सकते हैं।
पिछले विधानसभा चुनाव में 243 सीटों में से 75 सीटों पर जीत दर्ज बिहार की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। बाद में राजद ने AIMIM के चार विधायकों को भी अपनी पार्टी में शामिल कर लिया था। चुनावी मैदान में राजद खुद को मज़बूत करने के लिए पूरी रणनीति तैयार करने में जुट गई है।
2019 के लोकसभा चुनाव में राजद एक भी सीट पर जीत नहीं दर्ज कर पाई थी। लेकिन इस बार के लोकसभा चुनाव में राजद अपनी दावेदारी मज़बूत तरीके से पेश करने की क़वायद तेज़ कर चुकी है। किसी भी हाल में जदयू के मुकाबले राजद कम सीटों पर दावेदारी नहीं चाहती है।
सियासी गलियारों में यह भी चर्चा तेज़ है कि अगर तेजस्वी यादव की चुनावी रणनीति से जदयू किनारा करती है तो, नीतीश कुमार की जगह पर चिराग पासवान पर राजद दांव खेल सकती है। क्योंकि चिराग पासवान ने कभी भी राजद पर निशाना नहीं साधा है। हमेशा ही नीतीश कुमार पर निशाना साधते रहे हैं। अगर चिराग राजद के साथ आते हैं तो फिर बिहार में भाजपा के वोट बैंक में सेंधमारी हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications