Bihar News: बेगूसराय में मरीज को देखने पहुंचे मंत्री रत्नेश सदा खुद बने मरीज, निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती
Minister Ratnesh Sada Begusarai News: बिहार सरकार के मध निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री रत्नेश सदा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मंगलवार को बेगूसराय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पटना से सोनवर्षा जाने के क्रम में वे जैसे ही बेगूसराय के सिंघौल स्थित निजी अस्पताल के पास पहुंचे, तभी अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। मंत्री को तत्काल उनके सहयोगियों और स्थानीय जदयू नेताओं ने सहारा देकर अस्पताल में भर्ती कराया।
मामला उस समय का है जब जदयू के राज्य सलाहकार समिति के सदस्य और बड़ी मजदूर नेता डॉ. एहतेशामुल हक अंसारी ने मंत्री रत्नेश सदा को सूचना दी कि सड़क हादसे में घायल जदयू नेता सौरभ कुमार का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। इस पर मंत्री सौरभ कुमार से मिलने पहुंचे थे। लेकिन अस्पताल परिसर में पहुंचने के दौरान ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे लड़खड़ाने लगे।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, मंत्री रत्नेश सदा को उच्च रक्तचाप (BP), शुगर लेवल बढ़ने और तेज बुखार की शिकायत थी। उन्हें तुरंत अस्पताल की दूसरी मंजिल स्थित आईसीयू में भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को नियंत्रित किया। जांच और इलाज के बाद देर शाम उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।
अस्पताल में भर्ती होने के दौरान बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता और स्थानीय नेता मौजूद रहे। मंत्री को देखकर पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल बन गया था। हालांकि डॉक्टरों ने आश्वासन दिया कि स्थिति अब सामान्य है और किसी तरह की गंभीर चिंता की बात नहीं है।
बेगूसराय में हुई इस घटना के बाद से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई। स्वास्थ्य कारणों से अचानक अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद मंत्री रत्नेश सदा को अब स्थिर बताया जा रहा है। डॉक्टरों की सलाह के अनुसार वे फिलहाल आराम करेंगे। उधर, जदयू नेताओं और समर्थकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।












Click it and Unblock the Notifications