भागलपुर में सृजन घोटाले के खिलाफ रैली में क्या बोले तेजस्वी?
भागलपुर के सेंडिस कंपाउंड में लालू यादव, तेजस्वी, तेजप्रताप के साथ राजद के दर्जनों विधायक और नेता इस रैली में शामिल थे जहां सभी ने बीजेपी गठबंधन और नीतीश सरकार को आड़े हाथ लेने का काम किया।
पटना। बिहार में अब तक के सबसे बड़े घोटाले को लेकर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने अपने बेटे के साथ भागलपुर की सृजन के दुर्जन रैली में नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला। भागलपुर के सेंडिस कंपाउंड में लालू यादव, तेजस्वी, तेजप्रताप के साथ राजद के दर्जनों विधायक और नेता इस रैली में शामिल थे जहां सभी ने बीजेपी गठबंधन और नीतीश सरकार को आड़े हाथ लेने का काम किया।

नीतीश पर तेजस्वी ने बोला हमला
रैली को संबोधित करते हुए बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि भागलपुर से ही इस रैली के माध्यम से घोटाले की सच्चाई को उजागर करने का हमने संकल्प किया था और इस रैली के माध्यम से हम सृजन के दुर्जनों का विसर्जन करेंगे। किस तरह घोटाले के जरिए सरकारी राशि को चूना लगाया जा रहा था, इस बात की जानकारी बिहार के मुख्यमंत्री को थी लेकिन वह चुप्पी साधे बैठे थे। इस रैली के माध्यम से हम नीतीश कुमार, सुशील मोदी समेत गिरिराज सिंह जैसे घोटालेबाजों का विसर्जन करने आए हैं और यहां की जनता को यह बताने आए हैं कि इन लोगों के संरक्षण में कैसे घोटाले को अंजाम दिया जा रहा था।

सीबीआई की कार्यशैली पर तेजस्वी ने उठाए सवाल
तेजस्वी ने कहा कि इस घोटाले में बिहार झारखंड के कई सफेदपोश लोगों के साथ साथ बड़े नेता भी शामिल हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा महा गठबंधन की सरकार इसलिए तोड़ दी गई क्योंकि उन्हें घोटाला करने के लिए कोई नया पार्टनर नहीं मिल रहा था। नीतीश कुमार अपनी अंतरात्मा की दुहाई देते हुए लगातार बिहार की जनता को ठगने का काम कर रहे हैं। किस तरह सफेदपोश लोगों के संरक्षण में 2006 से ही इस घोटाले को अंजाम दिया जा रहा था लेकिन किसी ने कार्रवाई नहीं की इस से साफ जाहिर होता है कि इस घोटाले में बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम संलिप्तता रही है।
जब इस मामले को राजद के द्वारा उजागर करने की कोशिश की गई तो हम लोगों को चुप कराने के लिए हमारे पीछे सीबीआई ,इनकम टैक्स ,ईडी को लगा दिया गया। हम सीबीआई अधिकारियों से यह पूछना चाहते हैं कि सीबीआई ने इस घोटाले की जांच तो की लेकिन नीतीश मोदी या फिर गिरिराज सिंह के खिलाफ घोटाले में केस क्यों नहीं किया? आपको बताते चलें कि लालू प्रसाद यादव अपने दोनों बेटे के साथ शनिवार की देर रात ट्रेन के रास्ते भागलपुर के लिए रवाना हुए थे जहां आज सृजन घोटाले को लेकर रैली को संबोधित कर रहे हैं।

ट्रेन से पहुंचे भागलपुर
इस रैली में शामिल होने के लिए लालू प्रसाद अपने बेटे तेजस्वी और तेजप्रताप के साथ भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड स्टेडियम पहुंचे। ट्रेन से सफर करते हुए भागलपुर स्टेशन पहुंचने के बाद उनके स्वागत के लिए रेलवे स्टेशन पर काफी भीड़ उमड़ पड़ी तो दर्जनों नेता और विधायक उनके स्वागत में पहले से ही खड़े थे। सृजन के दुर्जन का विसर्जन रैली संबोधित करने के बाद लालू प्रसाद यादव नवगछिया से राजधानी एक्सप्रेस के जरिए वापस पटना लौट जाएंगे।

विपक्षियों पर हमले के लिए मिला हथियार
बिहार में महागठबंधन सरकार के टूटने के बाद सत्ता से बेदखल हुआ राजद बिहार में चल रहे एनडीए गठबंधन की सरकार से बहुत खफा है। कई तरह के आरोपों से घिरे राजद परिवार को सृजन घोटाले के रूप में विपक्ष पर हमला करने का एक नया हथियार मिल गया है। राजद सुप्रीमो के अनुसार, बिहार के भागलपुर में हुआ सृजन घोटाला मध्य प्रदेश के व्यापमं घोटाले की तरह है जिसे तूल देकर वह सियासी प्रतिद्वंदियों को उसी दलदल में खींचने की कोशिश कर रहे हैं जिसमें विरोधी ने उन्हें पहले से खींच रखा है।

लालू ने उठाए कई सवाल?
राजधानी पटना से सजन दुर्जन विसर्जन रैली को संबोधित करने के लिए ट्रेन के रास्ते भागलपुर निकलने के दौरान लालू यादव ने नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को इस घोटाले के बारे में पूरी जानकारी थी, वह सबकुछ जानते हुए भी चुप्पी साधे रहे। नीतीश कुमार को यह बताना चाहिए कि उदय मिश्रा कौन है, वह भागलपुर में मिश्रा के घर क्यों जाते थे? सुशील मोदी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी बहन रेखा मोदी सृजन की पार्टनर थी लेकिन अब तक ना तो सुशील मोदी और ना रेखा मोदी की गिरफ्तारी हुई है? यहां तक कि रवि जलान की भी गिरफ्तारी नहीं हुई जबकि उसके खिलाफ घोटाले के कई सबूत हैं।












Click it and Unblock the Notifications