Voter Adhikar Yatra: अचानक बदला यात्रा का प्लान! पटना में रैली नहीं अब सड़क पर ताकत दिखाएंगे राहुल-तेजस्वी
Voter Adhikar Yatra: बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) के नेताओं की वोटर अधिकार यात्रा के समापन प्लान में बदलाव किया गया है। यात्रा का समापन एक सितंबर को राजधानी पटना में एक बड़ी रैली के साथ होना था, लेकिन अब रैली की जगह पदयात्रा निकाली जा सकती है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा' का समापन 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान में एक विशाल रैली के साथ होना प्रस्तावित था। लेकिन अब तक पटना जिला प्रशासन ने इस कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं दी है। प्रशासन की इस अनिर्णयात्मक स्थिति ने कांग्रेस की योजना पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कांग्रेस का प्लान बी तैयार
अनुमति की स्थिति स्पष्ट न होने के कारण कांग्रेस ने वैकल्पिक योजना पर काम शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, अब रैली की जगह समापन एक बड़े मार्च के रूप में किए जाने की संभावना है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को इस दिशा में तैयारी शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं।
सहयोगी दलों से मंथन
कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस महागठबंधन के सहयोगी दलों के साथ लगातार बैठकें कर रही है। चर्चा का फोकस यह है कि कार्यक्रम का स्वरूप क्या रखा जाए, ताकि रैली की जगह मार्च आयोजित होने पर भी उसका राजनीतिक असर और संदेश उतना ही मजबूत रहे।
कांग्रेस का आधिकारिक रुख
कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर ने बताया कि पार्टी पहले से ही रैली की तैयारी कर रही थी। लेकिन प्रशासन से अब तक अनुमति न मिलने के कारण विकल्पों पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि- 'कार्यक्रम में थोड़ा फेरबदल संभव है, लेकिन संदेश और मकसद पहले जैसा ही रहेगा।'
बड़े नेताओं की मौजूदगी तय
एक सितंबर को पटना में होने वाले कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के साथ-साथ कई राज्यों के मुख्यमंत्री और इंडिया ब्लॉक के तमाम बड़े चेहरे मौजूद रहने की संभावना है। हालांकि, अंतिम रूप से यह तय होना बाकी है कि कार्यक्रम रैली के रूप में होगा या फिर मार्च के रूप में।
वोटर अधिकार यात्रा का 28 अगस्त से 1 सितंबर तक का शेड्यूल
- 28 अगस्त: यात्रा की शुरुआत रीगा रोड से होगी। इसके बाद काफिला सीतामढ़ी से होते हुए मोतिहारी पहुंचेगा और फिर वहां से होकर पश्चिमी चंपारण की ओर बढ़ेगा।
- 29 अगस्त: इस दिन यात्रा का रुख बेतिया की ओर होगा। वहां से आगे बढ़ते हुए यह पश्चिमी चंपारण पहुंचेगी और गोपालगंज से होकर सीवान पहुंचेगी।
- 30 अगस्त: यात्रा छपरा (सारण) से आगे बढ़कर आरा और फिर भोजपुर से निकलते हुए भोजपुर-भभुआ मार्ग पर आगे बढ़ेगी और भभुआ की ओर जाएगी।
- 01 सितंबर: यात्रा का भव्य समापन पटना में होगा। कांग्रेस नेताओं और इंडिया गठबंधन के बड़े चेहरों की मौजूदगी में यात्रा का समापन कार्यक्रम प्रस्तावित है।












Click it and Unblock the Notifications