पूर्णिया कांडः पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 6 और नामजद आरोपितों को किया गिरफ्तार
पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया जिले के बायसी थाना क्षेत्र के मझुवा कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को 6 नामजद लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभी तक इस मामले में कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले को लेकर जिले के एसपी दयाशंकर ने बताया कि इस घटना में पहले ही दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उसके बाद तीन अन्य लोगों की गिरफ्तारी हुई थी और फिर 26 मई को 6 नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी हुई है। इस तरह से अभी तक कुल 11 लोग पकड़े जा चुके हैं।

एसपी ने कहा कि इस मामले में छापेमारी के लिए पुलिस की टीम का गठन किया गया है। टीम लगातार छापेमारी कर रही है। अभी तक जो भी गिरफ्तारी हुई है यह सभी नामजद आरोपित हैं। इसमें तीन मुख्य आरोपित भी हैं, जिन्हें पुलिस पकड़ चुकी है। हालांकि इस घटना का मुख्य अभियुक्त फरार है। एसपी ने बताया कि इस मामले में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें 60 नामजद और 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
बता दें कि पूर्णिया जिले के मझुवा गांव में 19 मई की रात को 11 बजे एक समुदाय के करीब 300 लोगों की हिंसक भीड़ ने हाथों में पेट्रोल और हथियार लेकर महादलित बस्ती पर हमला कर दिया था। इस दौरान हिंसक भीड़ ने पेट्रोल छिड़ककर 13 महादलित परिवार के आशियाने जला दिये और एक रिटायर्ड चौकीदार नेवालाल की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
मौके पर तैनात बायसी थाना के चौकीदार दिनेश कुमार को भी पीट कर घायल कर दिया गया। इसके अलावा हिंसा के दौरान कई महिलाओं और बच्चों की भी जमकर पिटाई हुई थी। यहां तक कि गर्भवती महिलाओं को भी हिंसक भीड़ ने नहीं छोड़ा। वहीं महिलाओं के साथ जबरदस्ती करने की भी कोशिश की गई और उन्हें बेरहमी से पीटा गया था। इस घटना के लिए नेताओं ने स्थानीय पुलिस को जिम्मेदार ठहराया है। इसके बाद एसपी दयाशंकर ने बायसी थानाा के प्रभारी थानाअध्यक्ष अमित कुमार को निलंबित कर उन्हें लाइन हाजिर कर दिया था












Click it and Unblock the Notifications