प्रशांत किशोर का 'Mission Bihar', पार्टी लॉन्च करते ही 20 सीटों पर दे सकते हैं महागठबंधन को टक्कर
PK Mission Bihar: बिहार में लोकसभा चुनाव की तैयारियों के साथ ही विधानसभा चुनाव की भी सुगबुगाहट शुरू हो गई। वहीं अब सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि प्रशांत किशोर बिहार की सियासत में चुनावी एंट्री मार सकते हैं। चुनावी रणनीतिकार जन सुराज यात्रा का प्रथम चरण ख़त्म होने की कगार पर है। यात्रा के ख़त्म होने की चर्चा के साथ प्रशांत किशोर ने पार्टी का नाम और सिंबल पर मंथन करना शुरू कर दिया, जोकि लगभग तय हो चुका है।
बिहार में पद यात्रा के दौरान राजनीतिक पार्टियों और नेताओं पर निशाना साध रहे प्रशांत किशोर जनता के मिज़ाज को भांप चुके हैं। सूत्रों की मानें तो 11 महीने की पद यात्रा के पहले चरण के ख़त्म होते ही प्रशांत किशोर 2 अक्टूबर को सीतामढ़ी से अपनी राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर सकते हैं।

चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के करीबी सूत्रो की मानें तो जन सुराज यात्रा का फर्स्ट स्टेज सीतामढ़ी में ख़त्म होगा। यात्रा का प्रथम चरण समाप्त होते ही पार्टी का ऐलान हो सकता है। पीके के टीम से ज़्यादातर मेंबर जन सुराज नाम पर हामी भर चुके हैं।
प्रशांत किशोर की राजनीतिक पार्टी बनाने के बाद उत्तर बिहार की 20 लोकसभा सीटों पर चुनावी दांव खेल सकते हैं। इसमें सारण, सीवान, गोपालगंज, मोतिहारी, बेतिया, वाल्मिकीनगर, वैशाली, महाराजगंज, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, सीतामढ़ी और मुज़फ़्फ़रपुर शामिल है।
आपको बता दें कि प्रशांत किशोर ने 2 अक्टूबर 2022 चंपारण से पदयात्रा की शुरुआत की थी। वह अभी तक चंपारण (पूर्वी और पश्चिमी), गोपालगंज, सारण, सीवान, वैशाली और समस्तीपुर में यात्रा कर जनता का मिज़ाज भांप चुके हैं। अभी प्रशांत किशोर मुजफ़्फ़रपुर में पद यात्रा कर रहे हैं। इसके दरभंगा, मधुबनी होते हुए सीतामढ़ी में पद यात्रा का पहला चरण समाप्त होगा।
सूत्रों की मानें तो प्रशांत किशोर अपनी पार्टी के अध्यक्ष के तौर पर दलित या मुस्लिम चेहरे को प्रोजेक्ट कर सकते हैं। वहीं प्रशांत किशोर पार्टी मेंटोर की भूमिका में रहते हुए प्रचार-प्रसार की कमान संभालेंगे। वहीं पार्टी की ज़िम्मेदारी किसी और को दी जा सकती है। ग़ौरतलब है कि बिहार की राजनीति में लालू यादव का वोटबैंक मुस्लिम और नीतीश कुमार का वोटबैंक दलित माना जाता है। पीके की रणनीति से लालू और नीतीश का खेल बिगड़ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications