प्रशांत किशोर बोले- बिहार में बीजेपी के पास कोई CM फेस नहीं, केवल प्रधानमंत्री के नाम पर ही वोट ले रही
Prashant Kishor: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम पर लगातार निशाना साधने वाले प्रशांत किशोर ने अब भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसा है। प्रशांत किशोर ने बिहार में भाजपा के सीएम फेस को लेकर सवाल उठाया है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी द्वारा बिहार में नेतृत्व संभालने की बात सामने आने के बाद चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने भाजपा पर तंज कसा है। प्रशांत किशोर ने दावा करते हुए कहा कि भाजपा को अभी तक बिहार में ऐसा कोई नहीं मिला है जो कि 2024 के लोकसभा में पार्टी का नेतृत्व कर सके। उन्होंने कहा कि 2024 की बात छोड़ भी दें तो 2025 के लिए भी भाजपा अभी तक मुख्यमंत्री पद का चेहरा नहीं खोज सकी है।
प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी को लेकर भी BJP पर साधा निशाना
प्रशांत किशोर ने परोक्ष रूप से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। प्रशांत किशोर ने कहा कि आज बिहार में बीजेपी की हालत ऐसी है पार्टी की कमान उस नेता को दिया गया है जिनके पिताजी पहले लालू के मंत्री थे, फिर वो नीतीश के मंत्री हुए, उसके बाद वह मांझी के भी मंत्री हुए। आजकल उनका बेटा बीजेपी का बेरा पार करने निकला है।
केवल प्रधानमंत्री के नाम पर काम चला रही भाजपा
बीजेपी पर हमला करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बीजेपी के पास बिहार में ऐसा कोई चेहरा नहीं है जिसपर बिहार में चुनाव लड़ा जा सके। प्रधानमंत्री के चेहरे पर जो वोट मिलता है बस वही वोट बीजेपी को मिल रहा है। बिहार में बीजेपी के किसी नेता के नाम पर पांच वोट भी नहीं है।
प्रशांत किशोर जन सुराज अभियान चला रहे
प्रशांत किशोर ने पिछले साल 2 अक्टूबर को राज्य में अपना 'जन सुराज अभियान' शुरू किया था और औपचारिक रूप से अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी शुरू करने से पहले राज्य भर में दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 30 वर्षों में बिहार में जो लोकसभा और विधानसभा के लिए चुने गए हैं, वे 1200-1500 परिवारों के ही हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में परिवाद हर जगह है।












Click it and Unblock the Notifications