ये बिहार है जनाब! पुल-सड़क के बाद अब तालाब 'चोरी', दरभंगा में 15 दिनों में हो गया खेल
Bihar Darbhanga News: बिहार में सड़क-पुल के बाद अब माफियाओं ने तालाब की चोरी कर ली। सुनकर आपको थोड़ी हैरानी होगी, लेकिन यह सच है। बिहार के दरभंगा में एक तालाब 15 दिनों के अंदर देखते ही देखते 'चोरी' हो गया।
इतना ही नहीं भूमाफियाओं ने उस तालाब पर निर्माण के तौर पर एक झोपड़ी भी बना दी। स्थानीय लोगों के अनुसार भू-माफियाओं ने उस क्षेत्र पर एक झोपड़ी का निर्माण किया, जहां कभी जलाशय हुआ करता था।

दरभंगा में सरकारी तालाब 'चोरी'
बिहार में अजब-गजब चोरी के हैरान कर देने वाले मामले सामने आते रहते हैं। बीते साल की ही बात है, जब बांका में 2 किलोमीटर लंबी सड़क रातों-रात चोरी हो गई थी। वहीं अब दरभंगा में सरकारी तालाब चोरी का होश उड़ा देने वाला मामला सामने आया है।
मिट्टी डालकर किया समतल
भू-माफिया ने धीरे-धीरे सूखे तालाब में मिट्टी डालकर उसे पहले समतल किया और फिर रातों-रात उसपर झोपड़ी बना डाली। सरकारी तालाब को रेत से भर दिया। रात भर ट्रकों और मशीनरी की आवाजाही के बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
लोगों में भारी आक्रोश
मामला दरभंगा जिले में विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के नीम पोखर स्थित सरकारी करीब 36 डिस्मिल तालाब का है। जिसको रातों-रात भरकर समतल बना दिया। अब इस घटना को लेकर आसपास के लोगों में काफी आक्रोश है।
कभी होता था तालाब, अब मैदान
हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत से ही तालाब को भरा गया है। तालाब का इस्तेमाल मछली पालन और पौधों को पानी देने के लिए किया जाता था। लेकिन अब मौके पर कभी तालाब होने के कोई निशान नहीं मिले हैं।
इस मामले पर डीएसपी कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों ने कहा कि भराव पिछले 10-15 दिनों में हुआ है। यह अधिकतर रात के समय किया जाता था। हमें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि इस जमीन का मालिक कौन है।












Click it and Unblock the Notifications