PM Modi Bihar Visit: 10 घंटे का तप, 1 फुट की प्रतिमा, पीएम मोदी के स्वागत में मधुरेंद्र ने बनाई अनोखी कलाकृति
PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 18 जुलाई को मोतिहारी आगमन से पहले बिहार की सोंधी मिट्टी फिर एक बार महक उठी है। इस बार एक कलाकार की संवेदना और सृजन के रंग से। चंपारण की ऐतिहासिक धरती पर अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने एक बार फिर देश को भावुक कर देने वाली कलाकृति के ज़रिए प्रधानमंत्री का अनोखा स्वागत किया है।
10 घंटे का तप, 1 फुट की प्रतिमा: 'वेलकम टू बिहार मोदी जी'
मधुरेंद्र ने पीएम मोदी की 1 फुट ऊँची मूर्ति को बिहार की मिट्टी से आकार दिया है। उन्होंने 10 घंटों की मेहनत और बारीकी से तैयार की गई इस कलाकृति में "Welcome to Bihar Modi Ji" लिखा है। यह मूर्ति न सिर्फ़ प्रधानमंत्री के स्वागत का प्रतीक बनी, बल्कि देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। ट्विटर, इंस्टाग्राम, फेसबुक-हर जगह इस अनूठे स्वागत को सराहा जा रहा है।

कलाकृति में छिपी है चंपारण की आत्मा
मधुरेंद्र का यह प्रयास केवल एक मूर्ति नहीं है, बल्कि चंपारण की उस मिट्टी की आवाज़ है जिसने कभी गांधी जी को सत्याग्रह के रास्ते पर चलने को प्रेरित किया था। मधुरेंद्र कहते हैं, "ऑप्रेशन सिन्दूर के बाद पहली बार मोदी जी हमारे चंपारण आ रहे हैं। यह हमारे लिए गर्व और उम्मीद का पल है। जब भी मोदी जी बिहार आते हैं, वह विकास और जनकल्याण की नई सौगातें लेकर आते हैं।"
हर बार एक नया रूप, हर बार मधुरेंद्र की मौन अभिव्यक्ति
यह पहली बार नहीं है जब मधुरेंद्र ने पीएम मोदी के लिए कलाकृति बनाई हो। वे इससे पहले भी पीपल के पत्तों, बालू और मिट्टी के माध्यम से प्रधानमंत्री के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते रहे हैं। इस बार उन्होंने चंपारण की सोंधी मिट्टी को चुना, वह मिट्टी जिसने देश को सत्याग्रह की राह दिखाई थी।
18 जुलाई को पीएम मोदी की मोतिहारी में रैली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जुलाई को मोतिहारी के गांधी मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले 20 जून को उन्होंने सीवान में रैली की थी। बीजेपी और प्रशासन ने पीएम के स्वागत में तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। उम्मीद है कि इस दौरे में वे बिहार के लिए कुछ नई परियोजनाओं की घोषणा भी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications