'लालू जी आज भी बीजेपी से अच्छे से लड़ सकते हैं': विपक्ष की बैठक से पहले और क्या बोलीं ममता? देखिए Video
Opposition Patna Meet 23 june: शुक्रवार को बिहार की राजधानी पटना में होने वाली विपक्षी दलों की बैठक से एक दिन पहले ही तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पटना पहुंच गईं।
टीएमसी नेता ने पटना पहुंचने के बाद आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव से उनके बेटे और बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के आवास पर जाकर मुलाकात की। इस दौरान ममता ने लालू को लेकर कहा कि उन्हें देखकर काफी खुशी हुई है और वह आज भी भाजपा के खिलाफ लड़ सकते हैं।

उनसे मिलकर मुझे बहुत खुशी हुई-ममता
पश्चिम बंगाल की सीएम ने राजद नेता लालू यादव, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और पूर्व सीएम राबड़ी देवी से मुलाकात के बाद कहा, 'मैं बिहार के लोगों को धन्यवाद देना चाहती हूं। मैं लालू जी की बहुत इज्जत करती हूं। आज उनसे मिलकर मुझे बहुत खुशी हुई।'
लालू जी आज भी बीजेपी के खिलाफ लड़ सकते हैं-ममता
तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ने कहा, 'वे एक वरिष्ठ नेता हैं। वे काफी दिन तक जेल में रहे और कई दिनों तक अस्पताल में रहे....उन्हें (लालू) देखकर और उनसे बात कर के लगा कि वे आज भी बहुत तगड़े हैं और बीजेपी के खिलाफ लड़ सकते हैं।'
सब मिलकर एक परिवार की तरह लड़ेंगे-टीएमसी सुप्रीमो
लालू यादव से मुलाकात के बाद जब पत्रकारों ने उनसे शुक्रवार को होने वाली विपक्ष की बैठक के बारे में पूछा तो उन्होंने इतना बताया कि सब मिलकर एक परिवार की तरह लड़ेंगे। उन्होंने बिहार के सीएम नीतीश कुमार का बीजेपी के खिलाफ विपक्ष का एक ही उम्मीदवार वाला फॉर्मूला भी दोहराया।
18 विपक्षी दलों के नेताओं के जुटने का है कार्यक्रम
बिहार में सत्ताधारी जेडीयू की ओर से कहा गया है कि नीतीश के बुलावे पर शुक्रवार को हो रही बैठक में 18 विपक्षी दलों के शीर्ष नेता शामिल होंगे। हालांकि, भाजपा और मोदी सरकार के खिलाफ इस आयोजन को गुरुवार को दो झटके भी लगे हैं।
जयंत चौधरी ने विपक्ष की बैठक से बनाई दूरी
एक तो आम आदमी पार्टी की ओर से बैठक से एक दिन पहले दिल्ली में सर्विस को लेकर केंद्र सरकार के ऑर्डिनेंस पर कांग्रेस को रुख साफ करने का दबाव बढ़ा दिया गया है। वहीं बैठक से एक दिन पहले आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी ने नीतीश कुमार को खत लिखकर इससे दूरी बना ली है। हालांकि, उन्होंने इसके पीछे पारिवारिक कार्यक्रम का हवाला दिया है।
मायावती का विपक्ष की बैठक पर निशाना
वहीं विपक्षी एकता की कोशिशों से पहले ही कन्नी काट चुकीं बसपा सुप्रीमो मायावती ने गुरुवार को इसके खिलाफ मोर्चा भी खोल दिया है। उन्होंने कई ट्वीट कर विपक्षी दलों पर निशाना साधा है।
एक ट्वीट में उन्होंने लिखा है, 'लोकसभा चुनाव के पहले विपक्षी पार्टियां जिन मुद्दों को उठा रही हैं और ऐसे में नीतीश कुमार की ओर से कल 23 जून की विपक्षी नेताओं की पटना बैठक 'दिल मिले न मिले हाथ मिलाते रहिए' की कहावत को ज्यादा चरितार्थ करता है।'
'मुंह में राम बगल में छुरी' आखिर कब तक चलेगा?'
एक और ट्वीट में उन्होंने लिखा है, 'यदि अगले लोकसभा चुनाव की तैयारी को ध्यान में रखकर इस प्रकार कोशिश से पहले अगर ये पार्टियां, जनता में उनके प्रति आम विश्वास जगाने की नजर से, अपने गिरेबान में झांककर अपनी नीयत को थोड़ा पाक-साफ कर लेतीं तो बेहतर होता। 'मुंह में राम बगल में छुरी' आखिर कब तक चलेगा?'












Click it and Unblock the Notifications