बिहारः राजभवन में 17 नए मंत्री ले सकते हैं शपथ, वहीं BJP विधायक ने नेतृत्व पर लगाया गंभीर आरोप
पटना। मंत्रिमंडल गठन के 85 दिनों बाद हो रहे मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर लग रही अटकलों पर आज यानी कि मंगलवार को विराम लग गया है। नीतीश कुमार के कैबिनेट विस्तार को लेकर राजभवन में अब कुछ ही देर बाद शपथ ग्रहण समारोह शुरू होने जा रहा है। मंत्री पद की शपथ लेने के लिए JDU और BJP के सभी भावी मंत्री पहुंच चुके हैं।

आपको बता दें कि मंगलवार को हो रहे नीतीश की अगुवाई वाली एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार मंत्रिमंडल में जेडीयू और भाजपा से कुल 17 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इन सबके बीच बीजेपी के भीतर घमासन मच गया है। पार्टी के विधायक ने सीधे-सीधे मोर्चा खोल दिया है और नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
BJP में बगावत!
पटना के बाढ़ से भाजपा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू खुलकर मैदान में आ गए हैं। उन्होंने बीजेपी नेतृत्व पर सवाल खड़े किये हैं। ज्ञानू ने कहा कि अज्ञानी लोगों को डिप्टी सीएम बनाया गया है। वहीं क्षेत्र का भी ख्याल नहीं रखा गया है। एक ही जिले से कई लोगों को मंत्री पद दिया जा रहा है जो पूरी तरह से गलत है।
उन्होंने कहा कि इस कैबिनेट में पूरे तौर पर सवर्णों की उपेक्षा की गई है। ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि दोनों डिप्टी सीएम भी पिछड़ा-अतिपिछड़ा समाज को दिया गया है। भाजपा में करीब आधे सीट पर अपर कास्ट के लोग चुन कर आये हैं लेकिन कम जानकार को डिप्टी सीएम बना दिया गया ।
बता दें, अभी नीतीश सरकार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को छोड़कर 13 मंत्री हैं। इनमें जदयू से चार, भाजपा से सात, जबकि हम और वीआईपी कोटे के एक-एक मंत्री हैं। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12.30 बजे राजभवन के राजेन्द्र मंडप में आयोजित है।












Click it and Unblock the Notifications