शर्मनाक: नई-नई शादी के बाद उठक-बैठक लगाता रहा दूल्हा तो थूक चाटने को मजबूर हुई दुल्हन
पटना। बिहार के सुपौल जिले में एक बार फिर से पंचायत का तालिबानी फैसला देखने को मिला है। यहां प्रेमी-प्रेमिका ने शादी कर अपने प्यार को राजी खुशी अंजाम तक तो पहुंचा लिया। लेकिन दोनों की शादी पंचायत के आखों में खटक रही थी। शादी कर के आए इस प्रेमी जोड़ों को भरी पंचायत में बुलाया गया और खूब शर्मसार किया गया। पंचायत इतने पर भी नहीं रुकी और तालिबानी फैसला सुना दिया जहां दूल्हे को उठक-बैठक लगाने का फैसला सुनाया तो वहीं दुल्हन से भरी सभा में थूक चटवाई। पंचात ने दोनों पर 11-11 हजार का जुर्माना भी लगाया है।

सुपौल जिले का मामला
मिली जानकारी के अनुसार मामला बिहार के सुपौल जिले का है जहां नेपाल की रहने वाली लड़की सुपौल जिले के बड़हरा पंचायत स्थित अपने नाना के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसे वहीं रहने वाले एक पड़ोसी युवक से प्यार हो गया और दोनों एक दूसरे से शादी करने की कसमें खा लीं। हालांकि परिवार वालों से बगावत कर दोनों ने 16 फरवरी को मंदिर में शादी कर ली और 26 फरवरी को कोर्ट मैरिज की।

शादी के लिए मान गए परिवार वाले
शादी के बाद दोनों घर लौट आए। पहले तो दोनों के घरवालों ने विरोध किया फिर बाद में दोनों के परिवारवाले मान गए लेकिन गांव के कुछ दबंगों ने इसका विरोध किया और गांव में पंचायत बुलाकर दोनों के साथ बुरा व्यवहार किया और सरेआम सजा दी।

किसी ने सोशल मीडिया पर डाल दिया वाकये का वीडियो
गांव की पंचायत ने जहां दूल्हे को कान पकड़कर उठक-बैठक करने की सजा सुनाई तो दुल्हन को थूक चाटने पर मजबूर कर दिया। इसी दौरान वहां उपस्थित किसी ने अपने मोबाइल से इसकी तस्वीर कैद कर ली और इसे वायरल कर दिया। वहीं मामले की जानकारी जिले के एसपी को मिली और उन्होंने मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित थाने को मामले की जांच दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।












Click it and Unblock the Notifications