लंबे अर्से बाद खुले मंदिर तो भक्तों में दिखा उत्साह, महावीर मंदिर में श्रद्धालुओं का लगा तांता
पटना। कोरोना के मामलों में लगातार कमी आने पर बीते बुधवार को नीतीश सरकार ने राज्य में अनलॉक के छठवें चरण के तहत धार्मिक स्थलों के खुलने की अनुमति दे दी है, जिसके बाद से सभी धार्मिक स्थलों पर भक्त बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में पटना का प्रसिद्ध महावीर मंदिर, मुजफ्फरपुर का गरीबनाथ मंदिर, सोनपुर का हरिहर नाथ मंदिर, गया के विभिन्न मंदिरों सहित राज्य के सभी धार्मिक स्थलों में सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे और अपने इष्टदेव की पूजा अर्चना की।

महावीर मंदिर ट्रस्ट के महासचिव किशोर कुणाल ने बताया कि कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए तमाम व्यवस्था की गई है। मास्क, सेनेटाइजर और सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा जा रहा। किशोर कुणाल ने बताया कि भक्तों को लाइन बनाकर मन्दिर में प्रवेश करना होगा। दर्शन कर नैवेद्यम प्रसाद अर्पित करते हुए श्रद्धालु निकास द्वार से निकल जाएंगे। कुछ दिन मन्दिर में रुकने की अनुमति किसी को नहीं होगी।
साथ ही बताया कि मन्दिर परिसर में बैठकर पाठ न करने का अनुरोध किया गया है। केवल दर्शन करने और पुजारी के माध्यम से प्रसाद अर्पित करने की छूट दी गई है। लोगों को कतार में पर्याप्त दूरी बनाकर रखनी होगी साथ ही मंदिर में सुरक्षा बलों की भी तैनाती रहेगी।
धार्मिक स्थलों से पांबदी हटने के बाद श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा सकता है, जिससे मंदिरों में चहल पहल भी बढ गई है। राज्य के कई क्षेत्रों में हो रही बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह कम नहीं हुआ। इस क्रम में हालांकि कोरोना की संभावित तीसरी लहर को लेकर मंदिरों में एहतियात भी बरते जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications