रूपेश सिंह हत्याकांड के बाद एक बार फिर गोलियों से दहला पटना, युवक की मौत
पटना। बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर बेखौफ अपराधियों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि यह घटना इंडिगो स्टेशन हेड रूपेश सिंह की हत्या के चार दिन बाद हुई है।
Recommended Video

पटना के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के गुलाबी घाट इलाके में अलाउद्दीन नाम के युवक पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोली बरसा दी। फायरिंग के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घायल हालत में अलाउद्दीन को इलाज के लिए PMCH ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं फायरिंग के बाद से इलाके में दहशत है।
बताया जा रहा है कि अलाउद्दीन का PMCH में गाड़ी के स्टैंड का ठेका है। लेकिन शुक्रवार को घात लगाए अपराधियों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए, जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस ने नाकाबंदी की है। फिलहाल अपराधी अभी पुलिस की पहुंच से दूर है। बता दें कि अभी कुछ दिन पहले ही इंडिगो एयरलाइंस के पटना स्टेशन हेड रूपेश कुमार सिंह की हत्या कर दी गई थी, जिसे लेकर प्रदेश में राजनीतिक बवाल मचा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications