पटना के गांधी मैदान में ईद मिलन में पहली बार नहीं पहुंचे नीतीश कुमार, बेटे निशांत ने निभाई जिम्मेदारी, Video
Patna Eid Milan: पटना के गांधी मैदान में इस बार ईद-उल-फितर की नमाज का दृश्य कुछ बदला-बदला नजर आया। वर्षों से चली आ रही परंपरा को तोड़ते हुए नीतीश कुमार इस बार नमाजियों के बीच मौजूद नहीं रहे। उनकी गैर-मौजूदगी में उनके बेटे निशांत कुमार ने आगे आकर न सिर्फ नमाजियों से मुलाकात की, बल्कि पूरे प्रदेश को ईद की मुबारकबाद भी दी।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, "ईद के इस पवित्र अवसर पर मैं और मेरे पिता नीतीश कुमार की ओर बिहार और देशवासियों को ईद की मुबारकबाद देता हूं।"

दरअसल, यह बदलाव अचानक नहीं माना जा रहा। हाल के दिनों में निशांत कुमार की सक्रियता लगातार बढ़ी है। जेडीयू की इफ्तार पार्टी में उनकी प्रमुख मौजूदगी और जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यक्रमों में उनकी बढ़ती भागीदारी पहले ही संकेत दे चुकी थी कि वे अब सार्वजनिक और राजनीतिक भूमिका में आगे आ रहे हैं। ऐसे में गांधी मैदान की ईद नमाज में उनकी उपस्थिति को उसी कड़ी का अगला कदम माना जा रहा है।
जेडीयू इफ्तार पार्टी में भी पिता संग पहुंचे थे निशांत
सार्वजनिक और राजनीतिक आयोजनों से अक्सर दूर रहने वाले निशांत कुमार अब सक्रिय राजनीति में आने के बाद जेडीयू का नेतृत्व करते देखे जा रहे हैं। हाल ही में बहुचर्चित जेडीयू इफ्तार पार्टी में भी वह मुख्यमंत्री की जगह प्रमुखता से बैठे थे, जबकि नीतीश कुमार की उपस्थिति महज सांकेतिक थी।
जेडीयू इफ्तार बदले-बदले नजर आए थे नीतीश कुमार
दरअसल, 18 मार्च को जेडीयू इफ्तार पार्टी में नीतीश कुमार बेटे निशांत के साथ मौजूद थे और लोगों को ईद की मुबारकबाद दी थी। लेकिन इस मौके पर नीतीश कुमार बदले हुए अंदाज में नजर आए। हर बार सिर पर मुस्लिम टोपी लगाए नजर आते थे लेकिन इस बार वो टोपी नदारत रही।
निशांत ने जेडीयू इफ्तार पार्टी में भी आगे-आगे आए थे नजर
जेडीयू के इफ्तार पार्टी में निशांत कुमार की मौजूदगी भी लोगों के बीच चर्चा का विषय रही। सिर पर मुस्लिम टोपी लगाए निशांत कुमार अपने पिता के साथ मौजूद थे और उन्होंने लोगों का अभिवादन किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित समुदाय के सदस्यों से मेलजोल बढ़ाया और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं, जिससे वहां मौजूद लोगों में काफी उत्साह देखा गया।












Click it and Unblock the Notifications