पटना के 'बर्बर' ADM पर गिरी गाज, पद से हटाए गए, जमीन पर गिरे प्रदर्शनकारी पर बरसाई थीं लाठियां
पटना के एडीएम केके सिंह को बर्बर कार्रवाई के आरोप में पद से हटा दिया गया है। Patna adm kk singh sacked after lathicharge allegation
पटना, 14 सितंबर : गत दिनों बिहार की राजधानी से प्रशासनिक बर्बरता की नजीर उस समय सामने आई थी जब पटना के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) केके सिंह ने 22 अगस्त को एक शिक्षक को बेरहमी से पीटा था। अब इस अधिकारी पर गाज गिरी है। उन्हें पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।

दरअसल, विगत 22 अगस्त को बिहार की राजधानी में शिक्षकों के एक विरोध प्रदर्शन के दौरान वीडियो वायरल हुई। इसमें पटना के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) केके सिंह ने कथित तौर पर एक शिक्षक की बुरी तरह पिटाई की। वायरल वीडियो में एडीएम (कानून-व्यवस्था) फाइबर के डंडे से जमीन पर गिरे शिक्षक पर ताबड़तोड़ हमले करते दिखे थे। दनादन डंडे बरसाने के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ एडीएम केके सिंह चले जाते हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 'सुशासन बाबू' सरकार ने प्रशासनिक बर्बरता के इस मामले में संज्ञान लिया है। बुधवार शाम आई सूचना के मुताबिक सरकार ने सख्त कार्रवाई की और केके सिंह को तत्काल प्रभाव से एडीएम (कानून-व्यवस्था) पद से हटा दिया गया।
बता दें कि ट्विटर व अन्य सोशल मीडिया वेबसाइट्स पर वायरल वीडियो से पटना में विरोध मार्च के दौरान माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) के एक उम्मीदवार की पिटाई का मामला सामने आया था। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) केके सिंह ने इसी प्रदर्शन के दौरान जमीन पर गिरे एक युवा प्रदर्शनकारी को डंडे से बुरी तरह पीटा।
वायरल वीडियो में देख जा सकता है कि एडीएम जब युवा प्रदर्शनकारी पर दनादन डंडे बरसा रहे हैं, उसी समय युवक ने हाथ में तिरंगा पकड़ रखा था। जमीन पर गिरे प्रदर्शनकारी के हाथ में तिरंगा और प्रशासनिक अधिकारी के डंडों पर सोशल मीडिया यूजर्स ने आक्रोश भी व्यक्त किया था। यूजर्स ने तिरंगे के अपमान पर सवाल खड़े किए थे।












Click it and Unblock the Notifications