Bihar Politics: हाजीपुर से चिराग मां को लड़ाएंगे, तो जमुई सीट से हम... पशुपति पारस ने दी ये चेतावनी
Bihar Politics, Chirag Vs Paras News: बिहार की हॉट लोकसभा सीट में शुमार हाजीपुर सीट पर NDA गठबंधन में शामिल सहयोगी दल पारस और चिराग की पार्टी के बीच ज़ुबानी जंग जारी है। चिराग पासवान ने हाल ही में जमुई और हाजीपुर लोकसभा सीट पर इशारों, इशारों में दावा ठोक दिया।
मीडिया से मुखातिब होते हुए चिराग पासवान ने कहा था कि वह जमुई से लोकसभा चुनाव के रण में उतरेंगे। वहीं हाजीपुर से अपनी को सियासी रण में उतारना चाह रहे हैं। चिराग पासवना के इस बयान के बाद चाचा पशुपति पारस ने भी भतीजे चिराग पासवान को सख्त लहज़े में अल्टीमेटम दिया है।

केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि चिराग पासवान अगर हाजीपुर सीट से अपनी मां को चुनावी मैदान में उतारेंगे तो, जमुई लोकसभा सीट से हम उनके परिवार की बहन या मां को चुनावी लड़वा देंगे।
लोजपा प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने फिर से हाजीपुर लोकसभा सीट पर दावेदारी ठोका है। उन्होंने कहा कि मैं कई बार यह बोल चुका हूं कि हाजीपुर सीट से चुनाव लड़ूंगा। चिराग पासवान अगर एनडीए का हिस्सा हैं, तो गठबंधन का फ़ैसला मानें। अगर नहीं मानना है तो प्रदेश की सभी 40 लोकसभा सीटों पर चुनावी मैदान में उतर जाएं।
पशुपति पारस ने खुद को NDA गठबंधन का विश्वासी सदस्य बताते हुए कहा कि मैं स्थाई मेंबर हूं। कोई बाहर से आता है, क्या पता वह भविष्य में एनडीए का हिस्सा रहे भी या नहीं। इस बात की कोई गारंटी नहीं दे सकता है। चाचा और भतीजे के बीच सियासी जंग के बाद यह चर्चा तेज़ हो चुकी है कि, अगर एनडीए ने दोनों के बीच सहमति नहीं बनाई तो एनडीए को हाजीपुर सीट पर चुनौती मिल सकती है।
पशुपति पारस के जमुई सीट को लेकर दिए बयान के बाद यह चर्चा तेज़ हो गई है कि रामविलास पासवान की दो शादी हुई थी। उनकी पहली पत्नी राजकुमारी देवी हैं, जो कि घर पर ही रहती हैं। उनकी एक बेटी भी है। वहीं रामविलास पासवान की दूसरी पत्नी रीना पासवान हैं, जिनके बेटे चिराग पासवान हैं।
पशुपति पारस के दिये बयान को इससे जोड़कर देखा जा रहा है कि अगर चिराग पासवान हाजीपुर सीट पर दावेदारी नहीं छोड़ते हैं तो, जमुई लोकसभा सीट पर वह रामविलास पासवान की पहली पत्नी राजकुमारी देवी या फिर उनकी बेटी को लोकसभा चुनाव के दंगल में उतार सकते हैं। ग़ौरतलब है कि पशुपति पारस पहले ही कह चुके हैं कि हाजीपुर सीट से चुनाव लड़ने से उन्हें दुनिया की कोई ताक़त नहीं रोक सकती है।












Click it and Unblock the Notifications