बिहारः कोविड के बढ़ते मामलों पर सीएम नीतीश कुमार ने कहा- बाहर से आने वाले लोगों में ज्यादा मिल रहा है कोरोना
पटना। बिहार में कोरोना संक्रमण के मामले मिलने पर सीएम नीतीश कुमार ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा कोविड के मामले बाहर से आने वाले लोगों में मिल रहे हैं। त्योहार के लिए बाहर से ज्यादा लोग आ रहे हैं, सभी की जांच की कोशिश की जा रही है। राज्य में रोजाना 2 लाख से ज्यादा टेस्ट हो रहे हैं। टीकाकरण भी बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। बता दें कि बीते रविवार को 8 नए संक्रमित मिले हैं। करीब 6 दिन से संक्रमण के नए मामले बढ़ने लगे हैं। केवल 6 दिन के भीतर नए 38 संक्रमित मिले हैं।

26 अक्टूबर को आठ, 27 को पांच, 28 को छह, 29 को छह, 30 अक्टूबर को पांच जबकि आज एक बार फिर आठ नए संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को जारी रिपोर्ट में बताया कि शनिवार-रविवार के बीच शाम चार बजे तक 226443 कोविड टेस्ट किए गए। जिसमें आठ नए संक्रमितों की पहचान हुई। पटना जिले से दो नए केस मिले हैं। जबकि किशनगंज से तीन, मधुबनी से दो और एक मरीज समस्तीपुर में मिला है।
बिहार में रविवार को 2.17 लाख से अधिक लोगों को कोविड के टीके दिए गए। पटना जिले में हालांकि पौने तीन सौ लोगों को टीके लगाए गए, लेकिन वहीं पूर्वी चंपारण में 10 हजार से अधिक लोगों को टीके लगे। कोविन पोर्टल से रात आठ बजे लिए गए आंकड़ों के अनुसार रविवार को टीकाकरण के लिए 9653 केंद्र सक्रिय किए गए थे, जहां 217110 लोगों का टीकाकरण किया गया। 10 महीने में राज्य में 6.81 करोड़ से अधिक लोगों का टीकाकरण किया गया है। 4.98 करोड़ को अब तक पहली डोज और 1.83 करोड़ को दूसरी डोज दी जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications