'कहिए तो आपके पैर छू लूं', आखिर क्यों नीतीश कुमार ने इंजीनियर के सामने जोड़ लिए हाथ, Video
बिहार के मुख्यमंत्री अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वो नाराजगी भी जाहिर करते हैं तो उसका अंदाज बिल्कुल जुदा होता है। उनका ऐसा ही अंदाज पटना में एक कार्यक्रम के दौरान नजर आया, जब वह इंजीनियर के पैर छूने लगे।
दरअसल पटना में गंगा जेपी पथ के तीसरे फेज का शुभारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यहां पहुंचे थे। इस दौरान नीतीश कुमार का अलग अंदाज नजर आया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

आपके पैर छू लेते हैं
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नीतीश कुमार इंजीनियर की ओर बढ़ते हैं। दोनों हाथ जोड़े नीतीश कुमार इंजीनियर से कहते हैं कि कहिए तो आपके पैर छू लेता हूं। लेकिन इस दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर हाथ जोड़ते हुए कहते हैं कि सर ऐसा मत कीजिए।
पटना में जेपी गंगा पथ पर गाय घाट से लेकर कंगन घाट तक के पुल का लोकार्पण होना था। 3.4 किलोमीटर लंबे पुल का लोकार्पण करने पहुंचे नीतीश कुमार ने इसके तीसरे फेज का उद्घाटन किया। दीघा से लेकर दीदारगंज के बीच कुल 21.5 किलोमीटर लंबा पुल गंगाजी के ऊपर बनाया जा रहा है, इसे जेपी गंगा पथ कहा जाता है।
काम में तेजी लाइए
जानकारी के अनुसार परियोजना के काम में हुई देरी की वजह से नीतीश कुमार काफी नाराज थे। वह लगातार इंजीनियर्स से काम में तेजी लाने का अनुरोध कर रहे हैं। यही वजह है कि नीतीश ने इंजीनियर से आग्रह करते हुए कहा कि कहिए तो आपके पैर छू लें, लेकिन इस पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाइए।
नीतीश कुमार जब हाथ जोड़कर इंजीनियर की ओर बढ़ते हैं तो प्रोजेक्ट मैनेजर चौंक जाते हैं और तुरंत पीछे हट जाते हैं और कहते हैं कि सर ऐसा मत कीजिए। इसके पहले भी नीतीश कुमार अधिकारी के सामने हाथ जोड़ चुके हैं।
उन्होंने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के एक कार्यक्रम के दौरान काम में तेजी लाने के लिए आईएएस अधिकारी से अनुरोध करते हुए उनके सामने हाथ जोड़ा था और कहा था कि इस काम को जल्दी पूरा कीजिए।
जेपी गंगा पथ प्रोजेक्ट की बात करें तो यह सीएम नीतीश का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है, इससे पटना के लोगों को जाम से मुक्ति मिल जाएगी। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के दोनों उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, सम्राट चौधरी मौजूद थे। कार्यक्रम में रविशंकर प्रसाद भी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications