NEET UG Paper Leak: बिहार में सीबीआई का कड़ा एक्शन, नालंदा और गया से 2 गिरफ्तार
NEET UG Paper leaked: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले में बिहार से दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। हिरासत में लिए गए लोगों में से एक परीक्षार्थी है, जबकि दूसरा किसी अन्य अभ्यर्थी का पिता है। गिरफ्तारियां नालंदा और गया जिलों से हुई हैं। पेपर लीक मामले की जांच के लिए सीबीआई की एक टीम कई दिनों से पटना में तैनात है।
ज्ञात हो कि इन गिरफ्तारियों से पहले सीबीआई की टीम झारखंड के हजारीबाग गई थी। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान रंजीत सिंह और सनी के रूप में हुई है। सनी ने NEET UG परीक्षा में हिस्सा लिया था, जबकि रंजीत का बेटा भी परीक्षार्थी था। अब तक सीबीआई ने इस मामले से जुड़े आठ लोगों को हिरासत में लिया है।

विभिन्न राज्यों में कई गिरफ्तारियां
बिहार के अलावा पूर्व में अन्य राज्यों में भी गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं। गुजरात के गोधरा और लातूर से एक-एक व्यक्ति और उत्तराखंड के देहरादून से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। हजारीबाग से दो लोगों को हिरासत में लिया गया। इससे पहले हजारीबाग के ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल को भी सीबीआई ने गिरफ्तार किया था।
सीबीआई ने इस मामले में छह प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की हैं। ये एफआईआर बिहार और गुजरात समेत कई राज्यों में दर्ज हैं। कुछ एफआईआर राज्य पुलिस ने दर्ज की हैं, जबकि एक एफआईआर सीबीआई ने खुद दर्ज की है।
दरअसल NEET UG परीक्षा देशभर में 5 मई को हुई थी, जिसके नतीजे 4 जून को घोषित किए गए। यह परीक्षा 571 शहरों में 4750 केंद्रों पर आयोजित की गई थी, जिसमें 14 अंतरराष्ट्रीय केंद्र भी शामिल थे। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित इस परीक्षा में 23 लाख से ज़्यादा उम्मीदवार शामिल हुए थे।
नतीजों की घोषणा के बाद, 67 छात्रों के शीर्ष रैंक हासिल करने पर काफी हंगामा हुआ। इससे कुछ छात्रों ने परीक्षा की ईमानदारी पर सवाल उठाए और पेपर लीक होने का आरोप लगाया। पटना में जले हुए प्रश्नपत्र भी मिले, जिनके बारे में दावा किया गया कि वे NEET UG परीक्षा के थे।
बहहरहाल इन कथित अनियमितताओं की जांच जारी है और सीबीआई अधिकारी इस बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं कि पेपर लीक कैसे हुआ तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications