Bihar Today: पटना में आज NDA विधायक दल की अहम बैठक, अमित शाह भी हो सकते हैं शामिल
बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया में तेजी आई है। इसी क्रम में NDA विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आज (19 नवंबर) पटना में बुलाई गई है। इस बैठक में मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार के नाम पर औपचारिक मुहर लगने की संभावना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल के अनुसार, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह 20 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में होगा। एनडीए के सभी बड़े नेता इस समारोह में शामिल होंगे।

अमित शाह और अन्य बड़े नेताओं की बैठकें
सरकार गठन को अंतिम रूप देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को पटना पहुंच रहे हैं। वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे और सरकार गठन पर चर्चा करेंगे।
इससे पहले, कैबिनेट गठन और मंत्री पदों के बंटवारे पर बातचीत के लिए जदयू के केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा सोमवार रात को दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अमित शाह से विस्तृत चर्चा की है।
मंत्री पदों और स्पीकर पर खींचतान
सूत्रों के मुताबिक, जदयू और भाजपा के बीच मंत्री पदों के बंटवारे और विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर खींचतान जारी है। जदयू यह पद अपने पास रखना चाहता है और इसके बदले में विधान परिषद के सभापति का पद भाजपा को देने की पेशकश कर रहा है। वहीं, भाजपा दोनों पदों पर दावा कर रही है।]
मंत्री पद हिस्सेदारी:
- भाजपा को 15 से 16 मंत्री पद मिल सकते हैं।
- जदयू को मुख्यमंत्री (नीतीश कुमार) को छोड़कर 14 मंत्री पद मिल सकते हैं।
- चिराग पासवान की लोजपा को 3 मंत्री पद।
- जीतन राम मांझी की 'हम' और उपेंद्र कुशवाहा की 'रालोमो' को 1-1 मंत्री पद मिल सकता है।
- मंत्रिमंडल गठन में जातीय समीकरणों का भी ध्यान रखा जाएगा।
नीतीश कुमार 10वीं बार लेंगे शपथ
नीतीश कुमार 20 नवंबर को 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। वह वर्ष 2005 से बिहार के सीएम पद पर रहे हैं और देश में सबसे ज्यादा बार सीएम पद की शपथ लेने वाले नेताओं में से एक हैं।
प्रचंड बहुमत से NDA की ऐतिहासिक जीत
NDA ने विधानसभा चुनाव में 202 सीटें जीतकर ऐतिहासिक सफलता हासिल की है।
- भाजपा: 89 सीटें
- जदयू: 85 सीटें
- लोजपा (चिराग): 19 सीटें
- हम (मांझी): 5 सीटें
- रालोमो (कुशवाहा): 4 सीटें
विपक्ष की स्थिति
विपक्ष में मुख्य रूप से राजद ने 25 और कांग्रेस ने 6 सीटें जीतीं। इसके अलावा, माले के 3 और सीपीएम के 1 विधायक हैं। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने 5 सीटों पर और बसपा ने 1 सीट पर जीत दर्ज की है।












Click it and Unblock the Notifications