नवादाः इलाज के लिए बोलेरो से पटना जा रहा परिवार दुर्घटना का शिकार, दो की मौत
नवादा। बिहार के नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पटना-रांची NH31 पर मोधीबीघा गांव के पास बुधवार को बोलेरो में ट्रक ने सीधी टक्कर मार दी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो व्यक्तियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बता दें कि सभी मृतक झारखंड को कोरमा जिले के बसधरवा गांव के रहने वाले हैं। मृतकों की पहचान अनिल यादव और तंतु यादव के रूप में हुई है। जो रिश्ते में चाचा-भतीजा लगते हैं। घायल और मृतक एक ही परिवार के हैं और आज सुबह ही कोडरमा से इलाज कराने के लिए पटना जा रहे थे।
मृतक के भाई संजय यादव ने बताया कि परिवार के लोग उनकी माता कलिया देवी को लेकर इलाज के लिए बोलेरो से पटना जा रहे थे। लेकिन इसी दौरान माधोबीघा गांव के पास छोव लदे ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में उनकी मां और भाभी भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। ट्रक ड्राइवर छोवा लेकर उड़ीसा जा रहा था। हादसे के चलते सड़क पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस दोनों वाहनों को जब्त कर थाने ले आई है। वहीं गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को पटना PMCH रेफर कर दिया है, जिसमें तीनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications