बिहारः नवादा में 24 घंटे के भीतर 6 लोगों की संदिग्ध मौत, सभी ने पी थी शराब
नवादा। बिहार के नवादा जिले में 6 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत गई हैं। मृतकों के परिजनों ने मौत का कारण जहरीली शराब का सेवन बताया है। वहीं पुलिस जहरीली शराब को मौत का कारण मानने से इनकार कर रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पहुंचे अधिकारी मामले की जांच पड़ताल में जुट गए हैं। मंगलवार की रात से अभी तक ये घटनाएं जिले के गोंदपुर और खरीदी बीघा गांव में हुईं हैं। कई बीमार लोगों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।

परिवार वालों के अनुसार गोंदपुर के रामदेव यादव, अजय यादव, खरीदी बीघा के दिनेश उर्फ शक्ति, शैलेंद्र उर्फ शलो यादव, लोहा सिंह ठठेरा, प्रभाकर गुप्ता और सिसवा के गोपाल कुमार की मौत जहरीली शराब पीने की वजह से हो गई है।
वहीं इस मामले पर एसपी ने कहा है कि मामले की जानकारी बुधवार की सुबह 11 बजे पुलिस को मिली और इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक इनके घरवालों ने बताया है कि इन्होंने एक साथ बैठकर खाया-पीया था। लेकिन शराब की पुष्टि नहीं हुई है। क्योंकि इन्होंने अंतिम संस्कार भी कर दिया और इस वजह से पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। फिर भी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुजफ्फरपुर में भी मौत
इसके अलावा जहरीली शराब पीने से मुजफ्फरपुर जिले के मुरौल प्रखंड के ईटहा गांव के बोलेरो चालक अशोक कुमार राय उर्फ सुजीत राय (25) की मौत सोमवार की शाम हो गई थी। उसने इलाज के दौरान जूरनछपरा स्थित एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। ब्रह्मपुरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एसकेएमसीएच भेजा, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया।












Click it and Unblock the Notifications