नालंदाः मास्क की जगह गमछा लगाने पर ट्रेनी दारोगा ने युवक को बेरहमी से पीटा
नालंदा। बिहार के नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र में पुलिस का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां मास्क न लगाने पर पुलिस ने युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़ित हरनौत प्रखंड प्रमुख का देवर है। प्रखंड प्रमुख उसकी भाभी हैं, जो कोरोना पॉजिटिव होने के चलते होम क्वारंटाइन हैं। पीड़ित अपनी भाभी के लिए दवा लेने बाजार जा रहा था। इस दौरान उसने मास्क की जगह गमछा लगा रखा था, जिसके चलते ट्रेनी दारोगा ने डंडे से पीट दिया। ट्रेनी अफसर द्वारा बर्बरतापूर्ण पिटाई के बाद प्रखंड प्रमुख ने एसपी से फोन कर कार्रवाई की मांग की है।

दरअसल, पीड़ित युवक अपनी भाभी के लिए दवा लाने बाइक से हरनौत बाजार जा रहा था। हरनौत बाजार में पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हरनौत थाना में तैनात ट्रेनी दारोगा ने बर्बरता से उसकी पिटाई कर दी। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया तो उसकी बाइक को थाने ले आया और थाने में भी ट्रेनी दारोगा ने उसकी पिटाई की। लगातार मार-पीट से पीड़ित के शरीर पर निशान बन गए हैं।
पीड़ित युवक ने बताया कि दवा लाने के लिए बाजार जाते समय जल्दबाजी में उससे मास्क छूट गया था, लेकिन उसने चेहरे पर गमछा लपेटे हुए था। इस पर दारोगा ने कहा कि गमछा नहीं बल्कि मास्क लगाकर चलो तो युवक ने जवाब देते हुए कहा कि ठीक है सर गलती हो गई। उसके बाद भी पुलिस ने चालान काट दिया, जिसके बाद युवक ने पुलिस वाले को 500 का नोट दिया तो 450 रुपये लौटाने के बजाय रख लिया।

घटना के बाद प्रखंड प्रमुख ने मामले की शिकायत एसपी से की तब एएसपी अजय कुमार हरनौत पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। इस दौरान पीड़ित ने अपनी शर्ट उतारकर एसपी को दिखाया। वारदात के बारे में बताते-बताते वह एएसपी के सामने रो पड़ा। पीड़ित का आरोप है कि प्रमुख द्वारा थानाध्यक्ष को फोन करने के बाद ही पुलिस ने युवक की बाइक वापस की।












Click it and Unblock the Notifications