'बलात्कारियों को मिले देशद्रोही की सजा', मुजफ्फरपुर गैंगरेप-मर्डर केस पर Khan Sir ने राज्यपाल से की अपील
Khan Sir on Muzaffarpur case: शनिवार, 7 जून को बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ने पटना के फेमस शिक्षक खान सर से उनके कोचिंग सेंटर पर जा कर मुलाकात की। इस दौरान खान सर ने बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक नाबालिग बच्ची के साथ हुए कथित बलात्कार और फिर उसकी मौत के मामले पर न्याय और आरोपीयों के लिए सख्त सजा देने की मांग की है।
मुजफ्फरपुर गैंगरेप और मर्डर केस ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक घटना पर अब देश की प्रमुख शैक्षणिक हस्तियों में गिने जाने वाले शिक्षक और यूट्यूबर खान सर की कड़ी प्रतिक्रिया की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।

खान सर ने कहा, 'बलात्कारी को न मिले वकील'
खान सर ने राज्यपाल से कहा कि इस प्रकार के घिनौने अपराधों को केवल अपराध नहीं, बल्कि "देशद्रोह" माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर समाज को सही दिशा देनी है तो ऐसे लोगों का हर स्तर पर बहिष्कार जरूरी है।
खान सर ने कहा कि,"मैंने राज्यपाल से इस मुद्दे पर बात की है। उन्होंने भी चिंता जाहिर की है। मैं देश के वकीलों से अपील करता हूं कि अगर कोई व्यक्ति बलात्कार, एसिड अटैक, महिला को जिंदा जलाने या अपहरण जैसे जघन्य अपराधों में आरोपी है, तो उसे कोई भी वकील प्रतिनिधित्व न दे। अगर सभी वकील एकजुट होकर ऐसा फैसला लें, तो ऐसे अपराधियों को खुद ब खुद समाज से बहिष्कृत किया जा सकता है।"
खान सर ने देश की न्यायिक व्यवस्था और समाज की मानसिकता पर भी सवाल खड़े किए कि आखिर कैसे इतने जघन्य अपराध करने वाले लोगों को भी "उच्चस्तरीय कानूनी सेवा" मिल जाती है?
'यह इंसानियत का मामला है': बिहार के राज्यपाल
4 जून 2025 को बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने इस घटना के बाद पीड़िता के परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट शब्दों में कहा था कि ये इंसानियत का मामला है, इस पर राजनीति ना हो।
उन्होंने कहा कि "मैंने पहले यह सुनिश्चित करना चाहा कि इस मामले में क्या कार्रवाई हुई है। मेरी गहरी संवेदनाएं पीड़िता के परिवार के साथ हैं। मैंने कुछ लोगों से अपील की है कि कृपया इस मामले को राजनीतिक रंग न दें। यह पूरी तरह मानवता से जुड़ा मामला है। जब तक महिलाओं की गरिमा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक समाज की गरिमा का कोई मतलब नहीं रह जाता।"
सोशल मीडिया पर उमड़ा आक्रोश
इस घटना के बाद से #JusticeForMuzaffarpurGirl, #HangTheRapists, #KhanSir, और #StopRapeCulture जैसे हैशटैग ट्विटर और इंस्टाग्राम पर ट्रेंड कर रहे हैं। लाखों लोग खान सर की बातों से सहमत दिखाई दिए और मांग की कि बलात्कारियों को न केवल सख्त सज़ा मिले, बल्कि उनकी कानूनी सहायता पर भी रोक लगनी चाहिए।
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने जनता को आश्वस्त किया है कि इस मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं मुजफ्फरपुर के एसएसपी सुशील कुमार ने सोमवार को बताया कि इस घटना में मुख्य आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा चुका है और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications