मोतिहारीः खीर खाने के बाद 35 जवानों को होने लगी उल्टी और पेट दर्द की शिकायत, मची अफरा-तफरी
मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी जिले के गंडक कॉलोनी स्थित सीआरपीएफ के बैरक में रह रहे जिला पुलिस बल के करीब 35 जवानों की अचानक तबीयत खराब गो हई। खाना खाने के बाद पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने पर आनन-फानन में सभी को सदर अस्पताल लाया गया। इतनी बड़ी संख्या में अचानक से जवानों की तबीयत खराब होने पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी नवीन चंद्र झा भी सदर अस्पताल पहुंचे।

मामले को लेकर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अंजनी कुमार ने बताया कि सभी जवानों की हालत स्थिर है, खतरे से बाहर हैं। एहतिहातन पांचों जवानों को भर्ती किया गया है। बाकी जवानों के इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। चिकित्सकों के मुताबिक खान खाने के बाद सभी सिपाहियों के पेट में दर्द, उल्टी की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उनको अस्पताल लाया गया था। सूत्रों के मुताबिक एसपी ने मेस की भी जांच कराई। प्रथम दृष्ट्या फूड प्वाइजनिंग ही कारण प्रतीत हो रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गंडक कॉलोनी स्थित बैरक में पहले सीआरपीएफ के जवान रहते थे। सीआरपीएफ के जाने के बाद उस बैरक में जिला पुलिस बल के जवान रहते हैं। बैरक में फिलहाल दो सौ के करीब जवान रहते हैं। रविवार रात करीब नौ बजे 35 जवानों ने भोजन में रोटी-सब्जी के साथ खीर खाई थी। खीर खाने के करीब पंद्रह मिनट बाद ही जवान उल्टी व पेट से बेचैन होने लगे। अचानक सभी जवानों के पेट मे दर्द होने के बाद बैरक में अफरातफरी मच गई। पुलिस लाइन की गाड़ी से सभी को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।












Click it and Unblock the Notifications