मोतिहारीः सभी छात्रों तक नहीं पहुंची बिजली की रोशनी तो पुलिस की जीप की लाइट जलाकर दी परीक्षा
मोतिहारी। बीते 1 फरवरी से बिहार बोर्ड के 12वीं की परीक्षा शुरू हो गई। सरकार और विभाग की तरफ से कोशिश की जा रही है कि इस बार की परीक्षा में किसी तरह की कोई चूक न हो लेकिन ऐसा संभव कहां है। परीक्षा के पहले दिन ही विभाग की व्यवस्था की पोल खुल गई। दरअसल, बिहार के मोतिहारी के महाराजा हरेंद्र किशोर इंटर कॉलेज में दूसरी पाली में हिंदी की परीक्षा दोपहर को 1 बजकर 45 मिनट की जगह शाम के 4 बजे शुरू हुई। प्रश्नपत्र देरी से बंटने के चलते ऐसा हुआ।

अंधेरा होने पर स्कूल में लाइट की व्यवस्था की गई लेकिन कई छात्रों तक रोशनी ना पहुंचने पर वहां मौजूद पुलिस गाड़ी की हेडलाइट जला परीक्षा पूरी करवाई गई। वहीं परीक्षा देरी से शुरू होने पर सेंटर के अंदर छात्रों व बाहर उनके अभिभावकों ने जमकर हंगामा किया। अभिभावकों की मानें तो सवाल के इंतजार में परीक्षा शुरू होने में देरी हुई।
वहीं मामले को लेकर डीईओ संजय कुमार ने बताया कि लड़कियों को अरेंज करने में परेशानी हुई। इसी कारण प्रश्नपत्र समय से नहीं बंट सका। 1:45 से शुरू होने वाली परीक्षा 4 बजे से शुरू हुई। वहीं, हंगामे की सूचना पर सदर एसडीओ सहित अन्य अधिकारी पहुंचे व मामला शांत कराया। इसके बाद सेंटर पर लाइट की व्यवस्था की गई व परीक्षा शुरू की गई। किराए पर जनरेटर की व्यवस्था की गई। इतना ही नहीं परीक्षा पुलिस गाड़ी की लाइट में ली गई।












Click it and Unblock the Notifications