मधुबनीः जमीनी विवाद में अंधाधुंध हुई फायरिंग, दो भाइयों समेत तीन की मौत
मधुबनी। एक तरफ जहां पूरे देश में बीते सोमवार को होली मनाई जा रही थी। वहीं बिहार के मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में सोमवार को तीन लोगों की हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। होली के दिन दो भाइयों सहित तीन लोगों की हत्या से सनसनी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार जमीन विवाद को लेकर अंधाधुंध हुई फायरिंग में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल भी हो गए, जिनमें से दो पटना और एक दरभंगा रेफर किया गया। वहीं हत्या की इस वारदात के बाद से गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

वैशाली में एक शख्स की मौत
इसके अलावा वैशाली जिले में महुआ थाना क्षेत्र के लगुरांव बिलनपुर में एक व्यक्ति ने जमीनी विवाद के चलते अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। दरअसल, 60 वर्षीय लालबचन मांझी का बीते रविवार की देर रात को अपने छोटे भाई ललन मांझी के साथ भूमि में हिस्सा को लेकर विवाद हो गया।
इसके बाद ललन मांझी ने लालबचन मांझी की तेज धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद ललन मांझी फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया है। इस सिलसिले में संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी कर रही है।
पटना में दो युवकों की मौत
इसके अलावा बिहार की राजधानी पटना से सटे दानापुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के मठियापुर गांव में दो पक्षों में मारपीट और गोलीबारी के दौरान दो युवकों की मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक मठियापुर गांव में नीतीश आहर के पास किसी बात पर दो पक्षों में जमकर मारपीट और गोलीबारी की घटना हुई।
इसमें सिवान निवासी राज कुमार यादव और मठियापुर निवासी मनीष कुमार की मौत हो गई वहीं मठियापुर के सुजीत कुमार और मुन्ना कुमार घायल हो गए।












Click it and Unblock the Notifications