राजधानी एक्सप्रेस भी नहीं सुरक्षित, डकैतों ने यात्रियों को लूटा, मारा-पीटा
बिहार और यूपी की सीमा पर बक्सर के पास डकैतों ने देश की सुरक्षित मानी जााने वाली ट्रेन राजधानी एक्सप्रेस में यात्रियों से लूटपाट और मारपीट की।
पटना। देश की सबसे बड़ी और सुविधाजनक ट्रेन माने जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस भी अब अपराधियों के निशाने पर है। बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमा पर बक्सर से पहले अपराधियों ने यात्रियों से लूटपाट करते हुए ट्रेन में डकैती की घटना को अंजाम दिया।

इस घटना ने रेलवे सुरक्षा की सारी पोल खोल कर रख दी है। दिल्ली से चलकर पटना आ रही राजधानी एक्सप्रेस में हथियार से लैस होकर अपराधी सवार हो गए। हथियार के बल पर यात्रियों को लूटते हुए मारपीट की और घटना को अंजाम देने के बाद आसानी से फरार हो गए। ट्रेन एस्कॉर्ट कर रही पुलिस को इस मामले की जानकारी तब हुई जब लोगों ने इसकी सूचना जीआरपी पुलिस को दी। ट्रेन रॉबरी की घटना को लेकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि अपराधियों को पुलिस का संरक्षण प्राप्त था। हालांकि इस मामले मे जांच की जा रही है और ट्रेन एस्कॉर्ट कर रही टीम को निलंबित कर दिया गया है तथा तीन कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस हुए इस डकैती की घटना को अपराधियों ने बक्सर से पहले अंजाम दिया तथा भदौरा के पास ट्रेन रुकने के बाद आसानी से फरार हो गए। ट्रेन में सवार यात्रियों की अगर मानें तो देर रात जब सभी सो रहे थे तभी हथियार से लैस कुछ अपराधी राजधानी एक्सप्रेस के बोगी संख्या बी7, बी8 और ए2 में सवार हो गए, फिर लूटपाट की घटना को अंजाम देते हुए मारपीट की। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी भदौरा के पास उतरकर फरार हो गए। अपराधियों के चले जाने के बाद हम लोगों ने मामले की जानकारी जीआरपी पुलिस को दी तब पुलिस हरकत में आई । फिर घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की जाने लगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दिया।
राजधानी एक्सप्रेस जैसे ही पटना पहुंची लोगों ने डकैती की घटना को लेकर स्टेशन पर हंगामा करना शुरू कर दिया। पटना जंक्शन पर यात्रियों ने हंगामा करते हुए कोच अटेंडेंट सहित ट्रेन स्टाफ पर पर गंभीर आरोप लगाए और अपराधियों को संरक्षण देने की बात कही। यात्रियों का कहना था कि इन्हीं लोगों के संरक्षण के वजह से अपराधी ट्रेन में सवार हुए और लूटपाट की इस घटना को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। वहीं यात्रियों के हंगामा की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे रेल एसपी जितेंद्र मिश्रा ने यात्रियों को आश्वासन देते हुए कहा कि चलती ट्रेन में लूटपाट करने वाले अपराधी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।
रेल एसपी के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए । वहीं यात्रियों के आरोप के आधार पर तीन कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार कर लिया गया, साथ ही ट्रेन एस्कॉर्ट कर रहे पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है। रेल एसपी जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि जांच के बाद अगर कोई पुलिसकर्मी या कोच अटेंडेंट दोषी पाया जाएगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में दानापुर पी आर ओ आर के सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि राजधानी एक्सप्रेस भदौरा को रेड सिग्नल पर 03:29 से 03.53 के बीच सुबह में रोका गया था। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि अपराधी इसी जगह लूट के सामान के साथ ट्रेन से उतरे और फरार हो गए होंगे। वहीं ट्रेन की एस्कॉर्ट कर रहे एक एएसआइ और छह आरपीएसएफ कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications