पहली बीवी ने की आत्महत्या, दूसरी ने लगाया प्रताड़ना का आरोप... पवन सिंह को फाइनली मिला पत्नी का सपोर्ट
Pawan Singh: भोजपुरी सुपर स्टार पवन सिंह अपने प्रोफेशनल के साथ-साथ पर्सनल लाइफ को लेकर भी अक्सर चर्चाओं में बने रहते हैं। भोजपुरी स्टार इस लोकसभा चुनाव में काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। बीजेपी से टिकट पाने फिर टिकट लौटाने उसके बाद आरजेडी में शामिल होने की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए पवन सिंह ने काराकाट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया।
कल काराकाट लोकसभा सीट पर पांचवे चरण के अंतर्गत वोटिंग होनी है। मतदान से ठीक पहले पवन सिंह ने एक इंटरव्यू के दौरान अपनी दूसरी पत्नी ज्योति सिंह की काफी तारीफ की है। ये पहली दफा ही है जब भोजपुरी सुपर स्टार ने अपनी पत्नी के बारे में इतने खुलकर कुछ कहा है। अक्सर दोनों के बीच विवाद की खबरें ही मीडिया में आती रहती थी।

पवन की पहली पत्नी ने शादी के एक साल बाद कर ली थी खुदकुशी
बता दें, पवन सिंह की पहली पत्नी नीलम ने शादी के एक साल बाद ही खुदकुशी कर ली थी। प्रियंका से पवन की शादी 2014 में हुई थी और 2015 में अंधेरी स्थित अपने अपार्टमेंट में नीलम ने फांसी लगा ली थी। पवन ने 2018 में ज्योति सिंह ने शादी कर ली थी। इस बीच पवन सिंह और भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा शर्मा के रिश्ते ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थी। दोनों के बीच के विवाद की भी काफी चर्चाएं थी।
ज्योति ने पवन-अक्षरा को लेकर किए थे कई दावे
पवन सिंह की दूसरी पत्नी ज्योति सिंह ने एक्ट्रेस अक्षरा सिंह के साथ उनके रिश्ते के बारे में पिछले साल बात की थी। 2019 में पवन पर अक्षरा को बदनाम करने और उनकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर पोस्ट करने का मामला दर्ज किया गया था। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अक्षरा द्वारा दिए गए बयान के अनुसार, मार्च 2018 में पवन की शादी होने के बाद अक्षरा ने उनसे रिश्ता खत्म करने का फैसला किया। लेकिन, पवन नहीं चाहते थे कि चीजें अभी खत्म हों और वह उस पर अपने रिश्ते को जारी रखने के लिए दबाव डालने लगे थे।
ज्योति ने पवन पर लगाया था मानसिक उत्पीड़न का आरोप
ज्योति ने बीते साल अपने पति पवन सिंह और अक्षरा के रिश्ते के बारे में बात करते हुए कहा था, "शादी से पहले मैंने पवन से कभी बात नहीं की और शादी की ये सारी बातें सिर्फ 20 दिनों में हो गईं। मेरी शुरू से एक ही बात थी कि जहां भी मेरे पिता मुझसे कहें, मैं शादी करूंगी। जिस दिन मेरी शादी हुई, उसी दिन से चीजें खराब होने लगी लेकिन मेरे परिवार ने मुझे एडजस्ट करने को कहा।"
ज्योति ने पवन सिंह पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा था कि शादी के तुरंत बाद पवन सिंह फिल्म की शूटिंग का बहाना बनाकर अक्षरा सिंह के पास चले गए थे। शादी के कुछ महीने बाद ज्योति ने पवन पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया था। ज्योति ने आरोप लगाया कि उसे प्रताड़ित करने के साथ ही आत्महत्या करने के लिए भी मजबूर किया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब वह गर्भवती थीं तो उन्हें दवा दी गई, जिससे उनका गर्भपात हो गया।
चुनाव प्रचार में मां और पत्नी आ रहीं हैं साथ नजर
अब पवन सिंह की पत्नी ज्योति उनके साथ चुनाव प्रचार करती नजर आ रही हैं। इलेक्शन में पवन को पत्नी ज्योति सिंह और मां का पूरा सपोर्ट मिल रहा है। बिहार तक को दिए एक इंटरव्यू में पवन सिंह ने लोकसभा चुनाव और अपनी फैमिली को लेकर बात करते हुए कहा कि बिना परिवार के सपोर्ट के कुछ नहीं हो सकता।
पवन सिंह पहली बार पत्नी के बारे में बात करते नजर आए
जब पवन सिंह से मां और वाइफ के सपोर्ट को लेकर सवाल किया गया तब उन्होंने कहा, "बिना परिवार के सपोर्ट के कुछ नहीं हो सकता है। परिवार का फुल सपोर्ट है। वो हमारी मां है। मां का आशीर्वाद है। चाचा का आशीर्वाद है। पत्नी साथ में हैं। मेरा भइया साथ में हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "किसी भी काम में परिवार का सपोर्ट अलग मायने रखता है। हर जगह से हर परिवार से फुल सपोर्ट चाहिये। मैं एकदम मस्त हूं। खुश हूं।" बता दें, ऐसा पहली बार हुआ है जब पवन सिंह ने मीडिया के सामने अपनी पत्नी का जिक्र किया है। एक वो वक्त भी था जब पवन सिंह और पत्नी ज्योति सिंह एक-दूसरे के खिलाफ थे। पर अब ज्योति अपने पति पवन सिंह के फुल सपोर्ट में नजर आ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications