कथित तौर पर जहरीली शराब से मौत होने पर लालू यादव ने नीतीश सरकार को घेरा
पटना। एक तरफ जहां बिहार में नीतीश सरकार शराबबंदी को सफल बता रही है। वहीं जहरीली शराब पीने से 8 लोगों की मौत की घटना ने तमाम दावे को खोखला साबित कर दिया है। बेतिया में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से हुई मौत पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने ट्विटर पर नीतीश सरकार को घेरा है। ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा कि बिहार में सुशासनी शराबबंदी से प्रतिवर्ष हज़ारों लोग ज़हरीली शराब से मर जाते है। शराबबंदी के कारण सत्ताधारी लोग बिहार में 20000 करोड़ की समानांतर अवैध इकॉनमी चला रहे है। शराबबंदी के नाम पर लाखों दलित और गरीब जेलों में बंद है। पुलिस भ्रष्ट और अत्याचारी बन चुकी है।

बता दें कि दो दिन पूर्व ही राजद नेता शिवानंद तिवारी ने शराबबंदी कानून में संशोधन की मांग सरकार से की थी। उन्होंने कहा था कि इससे सबसे ज्यादा परेशान गरिब और दलित हो रहे हैं। रसूखदारों की और पुलिस की चांदी कट रही है। वहीं गुरुवार को पटना हाईकोर्ट ने भी बिहार सरकार पर तंज कसते हुए कहा है कि बिहार सरकार माइंडलेस है, बेदिमाग है।
इसके बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा है कि सीएम नीतीश कुमार थक चुके हैं। अब तो हार भी चुके हैं। कुर्सी की लालच में अनैतिकता की सभी हदें पार कर स्थापित मापदंड, प्रक्रिया और परंपरा तोड़ रहे हैं। उनकी सरकार के कारनामों पर विगत 6 महीनों में कोर्ट द्वारा की गई टिप्पणियां ही प्रमाण हैं कि यह सरकार पूर्णतः दिशाहीन और जनविरोधी है।पश्चिम चंपारण के देवराज के देउरवा गांव में एक साथ 8 लोगों की मौत की खबर से कोहराम मचा हुआ है। जहरीली शराब पीने से लौरिया प्रखंड की देवराज पंचायत के 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनभर का निजी क्लिनिक में इलाज चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications