स्थापना दिवस के मौके पर लालू यादव ने दिया भाषण, कहा- राजद का भविष्य बहुत उज्ज्वल है
पटना। सोमवार को यानी की आज राष्ट्रीय जनता दल अपना 25वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस दौरान पार्टी के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने उद्घाटन के दौरान संक्षेप में संबोधित किया। इसके बाद करीब डेढ़ बजे उन्होंने अपना मुख्य भाषण दिया। इस दौरान लालू प्रसाद यादव ने कहा कि राजद का भविष्य बहुत उज्ज्वल है। मैंने पांच पीएम देखे हैं और उन्हें बनाने में मैंने मदद की है। मुझे केंद्रीय मंत्री बनाया गया लेकिन इसकी परवाह नहीं की। आने वाले दिनों में हम देश को आगे ले जाएंगे। महंगाई और बेरोजगारी ने लोगों की कमर तोड़ दी है। इसके अलावा लालू प्रसाद ने कहा कि हमने नीतीश कुमार को कह कर कृषि मंत्री बनवा दिया था।
Recommended Video

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कहा कि मैं लोगों को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि हम पीछे हटने वाले नहीं हैं। हम नहीं टूटेंगे। मेरा शासन गरीबों का शासन था। लोगों का मानना है कि राजद ही समस्याओं को खत्म कर पाएगी। लालू यादव ने कार्यकर्ताओं जोश दिलाते हुए कहा कि लालू यादव मिट जाएगा पर पीछे नहीं हटेगा। बिहार में पिछड़ों-दलितों को साफ संदेश देना चाहता हूं। गरीबों के बच्चों के लिए चरवाहा विद्यालय तक खोला, लेकिन आज लोग मजाक बनाते हैं कि लालू ने चरवाहा विद्यालय खोला। लोगों ने पहले का समय नहीं देखा है।
इसके अलावा लालू प्रसाद यादव ने अपने दोनों बेटों तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव की तारीफ की। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी नहीं होती तो मैं रांची में ही खत्म हो जाता। इन लोगों ने मुझे एम्स में भर्ती कराया। डॉक्टर राकेश यादव हमारा इलाज कर रहे हैं। हम बहुत जल्द पटना आएंगे और हर जिले में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। कार्यक्रम के उद्घाटन में राबड़ी देवी, मीसा भारती और लालू प्रसाद यादव दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान राजद जिंदाबाद के नारे लगाए गए।
पटना में राजद नेताओं ने कार्यक्रम से पहले रामविलास पासवान के चित्र पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान तेजस्वी यादव सहित पार्टी के कई बड़े नेता शिवानंद तिवारी, अब्दुल बारी सिद्दकी, श्याम रजक भी मौजूद रहे। पार्टी ने इस खास मौके पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें पिछले 25 वर्षों के संघर्ष को दिखाया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत भोजपुरी निर्गुन गीत के साथ हुई है। लालू प्रसाद ने करीब साढ़े तीन साल बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।












Click it and Unblock the Notifications