'आतंकी शहीद, मसूद अजहर साहब, ये है मोदी के मंत्री की सोच', ललन सिंह का बयान बनेगा बिहार चुनाव का मुद्दा?
Lalan Singh: जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह उर्फ राजीव रंजन सिंह सोमवार (28 जुलाई) को लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले पर चर्चा के दौरान दिए गए अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। इस दौरान उन्होंने संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित ग्लोबल आतंकी मसूद अजहर को "मसूद अजहर साहब" और आतंकवादियों को ''शहीद'' कहकर संबोधित किया।
ललन सिंह का लोकसभा में जुबान फिसला और उन्होंने कहा - "7 और 8 मई की रात हमारे सैनिकों ने 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया। इस कार्रवाई में सैकड़ों आतंकवादी मारे गए और शहीद हो गए।" बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा -"जो आतंकवादियों के आका थे, वे रो रहे थे...मसूद अजहर 'साहब', हाफिज सईद।"

कांग्रेस ने ललन सिंह और पीएम मोदी पर साधा निशाना
ललन सिंह द्वारा आतंकवादियों के लिए 'शहीद' और मसूद अजहर जैसे ग्लोबल आतंकी को 'साहब' कहे जाने पर विपक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई है। कांग्रेस ने 20 सेकंड का एक वीडियो क्लिप X (ट्विटर) पर शेयर किया, जिसमें ललन सिंह को यह कहते हुए सुना जा सकता है -
"सैकड़ों आतंकवादी शहीद हुए। आप सब ने देखा होगा, जो आतंकवादियों के आका थे, वो रो रहे थे। मसूद अजहर साहब।"
कांग्रेस ने लिखा, ''आतंकवादी 'शहीद' हैं, मसूद अजहर 'साहब' हैं- ये है नरेंद्र मोदी के मंत्री की सोच।'' कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने ललन सिंह पर हमला बोलते हुए एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, "अब किसी की भावनाएं आहत होंगी क्या? क्या किसी मीडिया चैनल पर इस पर बहस होगी?"
AAP बोली- BJP का पाकिस्तान प्रेम देश के सामने आ गया!
आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी निशाना साधते हुए लिखा,
''BJP का पाकिस्तान प्रेम देश के सामने आ गया, मोदी सरकार के मंत्री ललन सिंह पाकिस्तान के आतकवादियों को शहीद का दर्जा दे रहे हैं और भारत के दुश्मन और आतंकवादियों के सरगना मसूद अजहर को 'मसूद अजहर साहब' कहकर बुला रहे हैं। आज मोदी सरकार के चेहरे से फर्जी देशभक्ति का मुखौटा उतर गया और पाकिस्तानी प्रेम वाला चेहरा सबके सामने आ गया है।''
विपक्ष का कहना है कि एक अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी के लिए 'साहब' जैसे सम्मानजनक शब्द का इस्तेमाल करना न केवल अस्वीकार्य है, बल्कि इससे सरकार की दोहरी नीति भी उजागर होती है। हालांकि, इस पर ललन सिंह या सरकार की ओर से अब तक कोई औपचारिक सफाई नहीं आई है। विपक्ष अब इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाने की तैयारी में है।
ललन सिंह का बयान बिहार चुनाव में NDA के लिए क्या खड़ी करेगा मुश्किल?
⚫️ ललन सिंह का बयान अब राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़े राजनीतिक विवाद में बदलता दिख रहा है। बिहार चुनाव 2025 के मद्देनजर यह गलती NDA के लिए भारी पड़ सकती है, खासकर जब मोदी सरकार राष्ट्रभक्ति और आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख की छवि के साथ चुनावी मैदान में उतर रही है।
⚫️ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और NDA की सबसे बड़ी चुनावी ताकत 'राष्ट्रवाद' और 'आतंक के खिलाफ सख्त रुख' रही है। पुलवामा हमले के बाद एयर स्ट्राइक, पहलगाम हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर, पाकिस्तान को जवाब देने की नीति और 'जीरो टॉलरेंस फॉर टेरर' जैसी नीतियों ने NDA की मजबूत राष्ट्रवादी छवि गढ़ी है।
⚫️ ललन सिंह का यह बयान उसी छवि को कमजोर करता है। विपक्ष इसे "NDA का असली चेहरा" बताकर जनता के सामने परोस सकता है। इससे मतदाताओं के बीच यह संदेश जा सकता है कि जब मंच से आतंकियों को शहीद और आतंकी आकाओं को साहब कहा जा रहा है, तो NDA की 'राष्ट्रभक्ति' केवल दिखावा है।
⚫️ तेजस्वी यादव और उनकी पार्टी RJD इस बयान को बिहार में जोर-शोर से उठाएंगे। वे इसे BJP-JDU की दोहरी नीति बताकर मुस्लिम वोटबैंक में सेंध लगाने की कोशिश करेंगे।
⚫️ कांग्रेस पहले ही इस मुद्दे पर हमलावर हो चुकी है। सोशल मीडिया पर वीडियो क्लिप वायरल कर, वह JDU और NDA की राष्ट्रवाद पर नैतिकता को चुनौती दे रही है।
⚫️ यह बयान गांव-देहात और शहरी इलाकों में BJP के कोर वोटर, खासकर युवाओं और सेना के समर्थकों के बीच भ्रम और गुस्सा पैदा कर सकता है। RJD-कांग्रेस इसे "NDA की खोखली देशभक्ति" कहकर प्रचारित करेंगे।
⚫️ बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे नजदीक आएंगे, यह बयान बार-बार NDA के सामने विपक्ष द्वारा लाया जाएगा। ललन सिंह की यह जुबान फिसलना NDA दोनों के लिए राजनीतिक नुकसान का कारण बन सकता है। अगर समय रहते डैमेज कंट्रोल नहीं करते, तो यह बयान ज्यादा नुकसान पहुंचा सकता है।
ऑपरेशन सिंदूर ने भारत को मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित किया: ललन सिंह
ललन सिंह ने सोमवार (28 जुलाई) को लोकसभा में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने भारत को एक ऐसे मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित किया जो खुद अपनी रक्षा करने में सक्षम है।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा किए गए इस ऑपरेशन पर विशेष चर्चा के दौरान ललन सिंह ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया, लेकिन एक भी आम नागरिक की जान या संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया गया।
उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन में 100 से ज्यादा आतंकवादियों को मार गिराया गया और पाकिस्तान के 11 एयरबेस को निष्क्रिय कर दिया गया। इसके अलावा, भारत पर निशाना साधे गए हजारों पाकिस्तानी मिसाइलों को भी नाकाम कर दिया गया।
मंत्री ललन सिंह ने कहा,"ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को पूरी दुनिया ने देखा और उसकी तारीफ की।" उन्होंने यह भी कहा कि यह ऑपरेशन इस बात का प्रमाण है कि भारत अब किसी भी दबाव में झुकने वाला देश नहीं है, और वह अपने राष्ट्रीय हित में सख्त फैसले लेने में सक्षम है। इस ऑपरेशन ने भारत की रणनीतिक ताकत और निर्णायक नेतृत्व को दुनिया के सामने मजबूती से पेश किया।












Click it and Unblock the Notifications