Bihar Tourism: 24 अगस्त से करमचट डैम में हाउसबोट सुविधा, रोमांच और प्रकृति का अनोखा संगम, जानिए ख़ासियत
Bihar Tourism: बिहार के पर्यटन प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। कैमूर जिले के दुर्गावती जलाशय स्थित करमचट डैम अब और भी आकर्षक बनने जा रहा है। यहां पहली बार हाउसबोट सेवा की शुरुआत की जा रही है, जिसका उद्घाटन 24 अगस्त को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार करेंगे।
करमचट डैम पहले से ही अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, हरी-भरी वादियों और झरनों के लिए जाना जाता है। अब हाउसबोट सेवा शुरू होने से यह जगह रोमांच और शांति का संगम बन जाएगी।

हाउसबोट की खासियत
• आधुनिक सुविधाओं से लैस एसी युक्त कमरा
• बाथरूम और किचन की सुविधा
• एक बार में 8-10 लोगों के बैठने की क्षमता
• खाने-पीने की उत्तम व्यवस्था
फिलहाल हाउसबोट का ट्रायल चल रहा है और 24 अगस्त को उद्घाटन के बाद इसे पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।
पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा
सीएफ इकोटूरिज्म सत्यजीत कुमार ने बताया कि करमचट डैम चारों ओर से पहाड़ियों से घिरा है और यहां से 10-12 झरनों का नज़ारा देखने को मिलता है। हाउसबोट सेवा शुरू होने के बाद न केवल पर्यटक यहां रोमांच का आनंद ले पाएंगे, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। हाउसबोट संचालन से होटल, रेस्टोरेंट, गाइड, परिवहन और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों को भी सीधा फायदा होगा।
कैमूर का पर्यटन महत्व
कैमूर जिला प्राकृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध है। यहां की हरियाली, झरने और पहाड़ पहले से ही पर्यटकों को आकर्षित करते रहे हैं। हाउसबोट सुविधा इस इलाके को बिहार पर्यटन का नया हॉटस्पॉट बना सकती है। कैमूर का करमचट डैम अब बिहार पर्यटन का नया हॉटस्पॉट बनने की ओर है।
हाउसबोट सेवा यहां की खूबसूरती में चार चांद लगाएगी और आने वाले समय में यह जगह राज्य ही नहीं बल्कि पूरे देश के सैलानियों को अपनी ओर खींचेगी। प्रकृति की गोद में सुकून और रोमांच का अनोखा संगम तलाशने वालों के लिए करमचट डैम अब एक बेहतरीन डेस्टिनेशन साबित हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications