कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में गांधी परिवार का नाम नहीं होने पर JDU नेता ने ली चुटकी
पटना। बिहार में दो विधानसभा सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस ने कुशेश्वरस्थान और तारापुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। हैरानी की बात यह है कि इस लिस्ट में गांधी परिवार के किसी भी सदस्य का नाम नहीं है। वहीं इस मामले पर जदयू नेता ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।

जदयू नेता डॉ. अजय आलोक ने ट्वीट कर कहा कि आखिर बिहार के कांग्रेसियों ने पहचान कर ली की पनौती कौन है। बधाई हो अध्यक्ष और प्रभारी को, राहुल और प्रियंका सहित सोनिया जी के रहते कांग्रेस का कुछ नहीं होगा ये अब कांग्रेसियों को यकीन हो गया, अब उम्मीद है कि कम से कम लड़ाई में तो रहेंगे।
कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट में कन्हैया कुमार, जिग्नेश मेवानी, शत्रुघ्न सिन्हा और हार्दिक पटेल को स्टार प्रचारक बनाया है। बता दें कि हाल ही में जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवानी ने कांग्रेस का दामन थामा था। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल की तरफ से जारी की गई लिस्ट में 20 नेताओं का नाम है।
स्टार प्रचारकों की सूची में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर, बिहार कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा, पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. शकील अहमद, डॉ. अखिलेश सिंह, शत्रुघ्न सिन्हा, सांसद डॉ. मो. जावेद, पूर्व अध्यक्ष डॉ. अनिल शर्मा, पूर्व सांसद कीर्ति आजाद भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं। पार्टी ने अवधेश सिंह, डॉ. शकील अहमद खान, इमरान प्रतापगढ़ी, प्रेमचंद मिश्रा, शकील उज्जमन अंसारी और अमिता भूषण को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications