Bihar News: जमुई सांसद चिराग पासवान ने बताया कि बिहार क्यों नहीं हो पा रहा विकसित राज्य
Chirag Paswan News: बिहार में आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र राजनेताओं ने चुनावी तैयारी तेज़ कर दी है। इसी क्रम में जमुई सांसद चिराग पासवान ने अपने लोकसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को अमलीजामा पहना रहे हैं।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई सांसद चिराग पासवान ने अपने जमुई लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत, झाझा में केंद्रीय विद्यालय के नवनिर्मित विद्यालय भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि मुझे याद है कि सन 2014 में सांसद बनकर आए थे।

आप लोगों के आशीर्वाद से ही जमुई लोकसभा का प्रतिनिधित्व करने का मुझे सौभाग्य हासिल हुआ। आप लोगों के द्वारा उस वक्त प्रमुखता से यह मांग हमारे पास रखी गई थी कि जमुई में एक केंद्रीय विद्यालय होना चाहिए।
मुझे भी इसकी गंभीरता का एहसास हुआ। हम खुद एक पढ़े लिखे परिवार से आते हैं। 21वीं शदी का पढ़ा लिखा लड़का हूं। मैं जानता भी हूं और मानता भी हूं कि जब तक शिक्षा को हर घर तक नहीं पहुंचाया जाएगा, तब तक मुख्य धारा के साथ जुड़ने का जो हम लोग प्रयास करते हैं वह अधूरा रह जाएगा।
शिक्षा एकमात्र माध्यम है जिसके ज़रिए किसी भी क्षेत्र, प्रदेश या देश को विकसित किया जा सकता है। जब तक गांव-गांव, घर-घर तक हमलोग शिक्षा को नहीं पहुंचाएंगे, तब तक एक विकसित क्षेत्र या एक विकसित राज्य बनने की कल्पना नहीं कर सकते हैं।
आज देश में ही नहीं, विश्व के किसी भी देश में चले जाइए या हमारे देश के किसी भी राज्यों में चले जाइए जो राज्य शिक्षा के महत्व को समझा, वही राज्य विकसित राज्य की श्रेणी में आया। जो देश शिक्षा के महत्व को समझ सका, वही देश आज एक शिक्षित और एक विकसित देश बन पाया।
हम लोगों को शिक्षा के महत्व को समझना जरूरी है। आज अपनी कर्मभूमि जमुई में 19.76 करोड़ की लागत से केंद्रीय विद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुडे और हम सभी लोगों का मार्गदर्शन किया।
चिराग पासवान ने कहा कि यह मुझे और जमुई वासियों को गौरवान्वित करनेवाला अवसर है। मुझे खुशी है कि जमुई के लोगों की वर्षों से लंबित मांग पूरी करने का सौभाग्य मुझे मिला। मैंने ही केंद्रीय विद्यालय का शिलान्यास किया था और आज मुझे ही जमुई की जनता को समर्पित करने का अवसर मिला।
आप सभी लोगों के आशीर्वाद से ही यह संभव हो पाया है। अब जमुई के बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उनके शहर में ही मिल सकेगी। जमुई के विकास और यहां के बच्चों का भविष्य संवारने के लिए मैं आजीवन प्रयत्नशील रहने को संकल्पित हूं।












Click it and Unblock the Notifications